नई दिल्ली।. भारत में लगातार दूसरे सप्ताह कोविड -19 मामलों में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है। चूंकि, संख्या के लिहाज से यह बहुत कम रही, इसलिए फिलहाल चिंता की बात नहीं। सप्ताह में, देश में कोरोना वायरस के कुल 1,526 नए मामले दर्ज किए गए, जो पिछले सप्ताह (25 दिसंबर) के 1,219 के मुकाबले 25% अधिक है। इस बीच, मार्च 2020 के बाद पहली बार, इस सप्ताह (26 दिसंबर-1 जनवरी) के दौरान कोविड से होने वाली मौतों की सख्या घटकर छह पर आ गई।
दक्षिण भारत में कोरोना के मामलों में इजाफा
कर्नाटक में कोविड मामलों में बढ़ोतरी के संकेत थे, जहां संक्रमण के नए मामले पिछले सप्ताह के 116 से बढ़कर 276 हो गए हैं। देश में कहीं भी कोरोन के तेज वृद्धि की सूचना नहीं मिली। केरल में पिछले सप्ताह 416 मामले थे, जो इस बार बढ़कर 467 पर पहुंच गया। देश के दूसरे राज्यों के मुकाबले केरल में सबसे अधिक नए मामले दर्ज किए गए हैं। तमिलनाडु में भी वृद्धि दर्ज की गई, जो पिछले सप्ताह के 47 से बढ़कर 86 हो गई.
राजस्थान बेहतर कर रहा है
महाराष्ट्र में बीते सप्ताह के दौरान 168 ताजा संक्रमण के मामले आए, जबकि इसके पिछले सप्ताह यह 172 था। दिल्ली में 81 मामले दर्ज किए गए, जो पिछले हफ्ते के 72 से थोड़ा ज्यादा थे, जबकि राजस्थान में संख्या पिछले सप्ताह के 81 से घटकर 48 हो गई। अधिकांश अन्य राज्यों में कोरोना मामलों की संख्या सामान्य रही।