18 दिसंबर को कांग्रेस का विधानसभा घेराव: अजय राय ने बताया पूरा प्लान, बिजली–पानी–महंगाई पर बड़ा प्रदर्शन

18 दिसंबर को कांग्रेस का विधानसभा घेराव: अजय राय ने बताया पूरा प्लान, बिजली–पानी–महंगाई पर बड़ा प्रदर्शन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति 18 दिसंबर को गरमाने वाली है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने योगी सरकार के खिलाफ विधानसभा घेराव का बड़ा ऐलान कर दिया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि प्रदेश भर के कांग्रेस कार्यकर्ता 18 दिसंबर को सुबह 11 बजे सड़क पर उतरेंगे और विधानसभा का घेराव करेंगे। कांग्रेस का दावा है कि यह घेराव बिजली, पानी, महंगाई, खाद संकट, किसानों के मुद्दे और कानून व्यवस्था जैसी गंभीर समस्याओं पर सरकार को कटघरे में खड़ा करने के लिए किया जा रहा है।

अजय राय ने कहा कि भाजपा सरकार यूपी को प्रशासनिक संकट की ओर ले जा रही है और जनता की मूल समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार न केवल जनहित वाली योजनाओं में असफल रही है, बल्कि कई विभागों में निजीकरण कर जनता पर बोझ बढ़ा रही है।

बिजली और पानी के मुद्दे पर कांग्रेस का बड़ा हमला

कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने सबसे ज्यादा हमला बिजली व्यवस्था पर बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार बिजली विभाग को निजी कंपनियों के हाथों में देने की तैयारी कर रही है, जिससे आम उपभोक्ता को भारी नुकसान झेलना पड़ेगा।

उन्होंने कहा—”बिजली विभाग के निजीकरण से लोगों की जेब और कटेगी, बिल बढ़ेंगे और सेवाएं बदतर होंगी।” इसके साथ ही उन्होंने पानी संकट, सिंचाई व्यवस्था में खामियां और धान खरीद केंद्रों में अव्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। राय ने दावा किया कि धान खरीद में किसानों का शोषण हो रहा है और प्रदेश के कई जिलों में खाद की गंभीर कमी बनी हुई है।

स्वास्थ्य और शिक्षा प्रणाली पर भी निशाना

अजय राय ने झांसी के अस्पताल में आग से बच्चों की मौत के मामले को भी सख्ती से उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया झांसी के अस्पताल में आग लगना और बच्चों की मौत सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था की सबसे बड़ी नाकामी है। प्राथमिक स्कूलों में बच्चों को स्वेटर और मोजे तक उपलब्ध नहीं कराए गए।”

उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में ठेके पर बाहरी कंपनियों को काम दिया जा रहा है, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा।

कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा
अजय राय ने यूपी में कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर कई सवाल उठाए। उन्होंने फर्जी एनकाउंटर, दंगों और बढ़ते अपराधों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में अपराधियों का मनोबल बढ़ा है और सरकार विधि-व्यवस्था को संभालने में विफल रही है। उन्होंने कहा कानून व्यवस्था जीरो है। हत्या, लूट, बलात्कार के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। सरकार जनता से नहीं, अपने प्रचार से चल रही है।”

पूरे प्रदेश के कार्यकर्ता सड़क पर उतरेंगे

कांग्रेस ने घोषणा की है कि उत्तर प्रदेश के हर जिले—बलिया, बहराइच, झांसी, गाजियाबाद समेत 75 जिलों से कार्यकर्ता 18 दिसंबर को सुबह 11 बजे विधानसभा की ओर कूच करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह आंदोलन शांतिपूर्ण होगा, लेकिन कांग्रेस सरकार को जनता की आवाज सुनाने के लिए मजबूर करेगी।

राहुल गांधी पर भाजपा के आरोपों का जवाब

जब पत्रकारों ने बीजेपी के आरोपों पर सवाल पूछा—कि “राहुल गांधी चार साल बाद हाथरस क्यों गए?”—तो अजय राय ने इसका जोरदार जवाब देते हुए कहा “राहुल गांधी पहले भी हाथरस गए थे। पीड़ित परिवार ने दोबारा बुलाया था, इसलिए वे फिर गए। वह वादों का फॉलोअप करते हैं। जहां जाते हैं, वहां की समस्याओं को नज़रअंदाज़ नहीं करते।” अजय राय ने कहा कि राहुल गांधी देश की एकता और अखंडता के लिए 4,000 किमी पदयात्रा कर चुके हैं, इसलिए जमीन की समस्याओं को समझने में उनकी प्रतिबद्धता पर सवाल उठाना उचित नहीं है। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता आराधना मिश्रा ने सरकार को घेरा कांग्रेसी विधायक आराधना मिश्रा मोना ने भी सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यूपी की मौजूदा सरकार पूरी तरह विफल सिद्ध हुई है। उन्होंने कहा बेरोजगार युवाओं पर लाठीचार्ज किया जा रहा है। अपराध बढ़े हैं। और सत्र सिर्फ चार दिन का रखना सरकार की जिम्मेदारी से भागने का सबसे बड़ा प्रमाण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सदन के अंदर और बाहर—दोनों जगह सरकार को घेरने की तैयारी में है।

Exit mobile version