राहुल गांधी की सजा को कांग्रेस बनाएगी बड़ा मुद्दा, राष्ट्रपति से भी मिलेंगे नेता,सड़क पर आज उतरेगी कांग्रेस

Rahul Gandhi'punishment

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को मानहानि के एक मामले में सूरत की अदालत ने दो साल सुनाई है। हालांकि राहुल को सजा सुनाए जाने के बाद जमानत भी दे दी गई है, लेकिन कांग्रेस इस मामले को लेकर कानूनी दांवपेच के साथ सियासी तौर पर बड़ा मुद्दा बनाने की तैयारी में है। कांग्रेस गैर एनडीए दलों को भी साथ में जोड़कर राहुल गांधी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बीजेपी से लड़ने वाले सबसे बड़े नेता के तौर पर पेश करेगी। जिससे 2024 के लोक सभा चुनाव से पहले देश भर में बीजेपी के खिलाफ माहौल बनाया जा सके।

मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी कांग्रेस

इसके लिए विपक्षी दलों को साथ लाने और जनता के बीच जाने का फैसला किया गया है। इतना ही नहीं राहुल गांधी की सजा के खिलाफ कांग्रेस सड़क पर उतरने और अन्य दलों को साथ लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलेगी। मुख्य विपक्षी दल ने अदालत के फैसले के तुरंत बाद एक जन आंदोलन की घोषणा की और कहा कि वह न केवल कानूनी रूप से बल्कि राजनीतिक रूप से भी इस मामले को लड़ेगी। कांग्रेस दिल्ली और अन्य राज्यों में इसे लेकर बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश के मुताबिक कांग्रेस ने अपने और कई अन्य विपक्षी दलों की तरफ से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मिलने का समय मांगा है।

कांग्रेसियों ने प्रोफाइल पर … ‘डरो मत’ के साथ लगाई राहुल की तस्वीर

राहुल की सजा के बाद राजनीति जोरों पर है। कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इन्हीं सब बातों के बीच कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर प्रोफाइल फोटो बदल दी है। इसके साथ ही कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी इस फोटो को अपने प्रोफाइल पर लगाया है। दरअसल राहुल गांधी को सजा के बाद कांग्रेस के ट्विटरए फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपने आधिकारिक अकाउंट से एक नई प्रोफाइल फोटो साझा की है। यह फोटो राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान की है। जिस पर लिखा है डरो मत ….

बता दें सूरत की अदालत में राहुल गांधी के खिलाफ 4 साल से चल रहे मानहानि के मुकदमे में राहुल गांधी को दो साल की सजा सुनाई है। साल 2019 में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कर्नाटक में एक चुनावी रैली में विवादित बयान दिया था। रैली कर्नाटक के कोलार में हुई थी और उन्होंने मोदी सरनेम पर कमेंट किया था। इसके बाद राजनीति में बवाल मच गया था। गुजरात बीजेपी नेता और विधायक पूर्णेश मोदी ने राहुल के खिलाफ मानहानि का केस दर्ज कराया था। जो पिछले चार साल से सूरत कोर्ट में चल रहा था। इसी मामले में कोर्ट ने गुरुवार को राहुल गांधी को 2 साल की सजा सुनाई। ये अलग बात है कि राहुल गांधी को सजा सुनाने के बाद कोर्ट ने 30 दिन की जमानत दे दी। जहां राहुल इस फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील करेंगे। वहीं कांग्रेस इसे सियासी रंग देने की कोशिश करेगी।

राहुल गांधी की सजा को कांग्रेस बनाएगी बड़ा मुद्दा

Exit mobile version