कांग्रेस सांसद Shashi Tharoor एक बार फिर सुर्खियों में हैं।
इस बार थरूर एक वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। इस वीडियो में उन्होंने हिंदू धर्म को लेकर अपने विचार साझा किए हैं। थरूर ने कहा कि हिंदू धर्म किसी कठोर नियमों में नहीं बंधा होता। इसमें व्यक्ति अपनी सुविधा और श्रद्धा के अनुसार भगवान की पूजा कर सकता है। शशि थरूर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी साझा की, जिसमें उन्होंने बताया कि उन्हें हिंदू धर्म क्यों पसंद है। थरूर ने लिखा— “मैं एक हिंदू हूं और यह मूल रूप से मेरे और भगवान के बीच का मामला है। भगवान को लेकर कल्पना करने के 33 करोड़ तरीके हैं, उनमें से जो आपको पसंद आए, उसे चुन सकते हैं। हमारा कोई ‘हिंदू पोप’ नहीं है। आप हफ्ते के किसी भी दिन भगवान को याद कर सकते हैं और उनके लिए व्रत रख सकते हैं।” थरूर ने यह भी कहा कि उन्हें स्वामी विवेकानंद की तरह हिंदू होने पर गर्व है। थरूर की इस पोस्ट के बाद सियासी गलियारों में खुसर-पुसर शुरू हो गई है। सवाल उठ रहा है—क्या वाकई अब थरूर और कांग्रेस का साथ छूटने वाला है? दरअसल, इससे पहले भी थरूर कई बार केंद्र सरकार के साथ खड़े नजर आए हैं। सोशल मीडिया पोस्ट्स से लेकर ऑपरेशन सिन्दूर में डेलीगेशन की अगुवाई तक, थरूर और कांग्रेस की सोच में अंतर साफ दिखा है। अब खुद थरूर भी मान चुके हैं कि उनके और कांग्रेस के बीच मतभेद हैं। ऐसे में उनकी यह पोस्ट फिर से सियासत को गर्मा गई है।




