लोकसभा चुनाव 2024: कांग्रेस मेनिफेस्टो कमेटी में शामिल एमपी-छत्तीसगढ़ के ये दो नेता

Congress Lok Sabha Election Manifesto Committee

कांग्रेस ने 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर मेनिफेस्टो कमेटी का गठन किया है। घोषणा पत्र समिति का अध्यक्ष पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस के सीनियर नेता पी. चिदंबरम को बनाया गया है। खास बात यह है कि इस समिति में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के भी 2 नेताओं को जगह मिली है। इन नेताओं को मेनिफेस्टो कमेटी में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।

छत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव को कमेटी का संयोजक नियुक्त किया गया, जबकि मध्य प्रदेश में कांग्रेस विधायक ओमकार सिंह मरकाम को सदस्य बनाया गया है। दोनों राज्यों में विधानसभा में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा था। छत्तीसगढ़ में सरकार गंवा दी, जबकि MP में भी कांग्रेस को उम्मीद के मुताबिक सीटें नहीं मिली थीं। टीएस सिंहदेव छत्तीसगढ़ के सरगुजा रियासत से आते हैं। वे कांग्रेस के कद्दावर नेता माने जाते हैं। वे बघेल सरकार में डिप्टी सीएम के अलावा कई अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इससे पहले वे छत्तीसगढ़ में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।

कमलनाथ सरकार में मंत्री थे मरकाम

वहीं मध्यप्रदेश के डिंडौरी से कांग्रेस विधायक ओमकार सिंह मरकाम उभरते हुए आदिवासी चेहरा हैं। वे चौथी बार डिंडोरी विधानसभा सीट से विधायक चुने गए हैं। मरकाम 15 महीने की कमलनाथ सरकार के दौरान मंत्री भी रह चुके हैं। इसके अलावा वह कांग्रेस संगठन में भी कई अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।

Exit mobile version