नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में घने कोहरे ने दस्तक दे दी है। इसके साथ ही, देश के कई राज्यों में ठंड बढ़ गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने अगले 4 से 5 दिनों के दौरान हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के लिए घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। साथ ही, मौसम विभाग ने ये भी कहा है कि ठंड के बढ़ने के आसार हैं।
- अगले 4 से 5 दिनों एनसीआर, हिमाचल और यूपी में रहेगा घना कोहरा
- बिहार सहित गंगा के मैदानी इलाकों में बढ़ेगी ठंड और कोहरा
- तमिलनाडु में हो सकती है कई जगहों पर बारिश
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, एनसीआर, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश में घने कोहरे की संभावना है। भारत-गंगा के मैदानी इलाकों में निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर नमी और हल्की हवाओं के कारण ऐसा होने की संभावना है। अगले दो दिनों के दौरान बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के भी अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना है।
हालांकि, अगले 4 से 5 दिनों के दौरान भारत के उत्तरी भागों में न्यूनतम तापमान वैसा ही बना रहेगा। इसी तरह हिमालय से आ रही शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण अगले 4 से 5 दिनों के दौरान हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान में अलग-अलग हिस्सों में शीत लहर की स्थिति जारी रहने की संभावना है।