ठंड का कहर: दिल्ली से लेकर यूपी और मध्य प्रदेश तक दो दिनों में गिरेगा तापमान, IMD ने जारी किया अलर्ट

Cold wave

ठंड का कहर: दिल्ली से लेकर यूपी और मध्य प्रदेश तक दो दिनों में गिरेगा तापमान, IMD ने जारी किया अलर्ट

नई दिल्ली, 11 नवंबर 2025 — देश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में सर्दी ने दस्तक दे दी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अपने ताजा बुलेटिन में चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में अगले दो दिनों के भीतर शीत लहर (Cold Wave) की स्थिति बन सकती है। विभाग ने कुछ इलाकों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली में तापमान तेजी से गिरा

राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ। दिल्ली में अधिकतम तापमान 27–29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10–12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। आईएमडी ने बताया कि अधिकांश जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 3–4 डिग्री सेल्सियस तक कम दर्ज किया गया है। मंगलवार सुबह के समय हल्का कोहरा छाने की संभावना है, जबकि आसमान साफ रहेगा।

तेज हवाओं से और गिरेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को राजधानी में उत्तर-पश्चिमी हवाएं 10 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी, जिससे ठंड का असर और बढ़ेगा। सुबह के समय हवा की गति करीब 10 किमी प्रति घंटा रहेगी, जबकि दोपहर में यह बढ़कर 20 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। शाम होते-होते हवा की रफ्तार फिर घटकर 10 किमी प्रति घंटे से कम रह जाएगी। विशेषज्ञों के मुताबिक, इन हवाओं के कारण अगले दो दिनों में दिल्ली का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

हरियाणा, यूपी और एमपी में भी ठंड का असर

आईएमडी के अनुसार, 10 से 14 नवंबर के बीच देश के कई हिस्सों में शीतलहर का प्रकोप देखने को मिलेगा। हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 10 से 12 नवंबर तक शीत लहर की स्थिति रहेगी। उत्तर प्रदेश में 10 से 12 नवंबर के दौरान ठंड बढ़ेगी।पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 10 से 14 नवंबर तक शीत लहर के हालात बन सकते हैं। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 13 और 14 नवंबर को शीत लहर की संभावना जताई गई है। विदर्भ क्षेत्र में 12 और 13 नवंबर, जबकि झारखंड और ओडिशा में 11–12 नवंबर को तापमान में गिरावट होगी।

ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

आईएमडी ने बताया है कि पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में गंभीर शीत लहर की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में भी तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है। कुछ इलाकों में रात का तापमान 6 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है।

चंडीगढ़ में 5 डिग्री तक गिर सकता तापमान

आईएमडी ने अनुमान जताया है कि चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं, पंजाब के पठानकोट, अमृतसर और लुधियाना में भी रात के तापमान में तेज गिरावट की संभावना है।

नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने नागरिकों को चेताया है कि अगले कुछ दिनों में शीत लहर की स्थितियां गंभीर रूप ले सकती हैं। ऐसे में बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। आईएमडी ने लोगों को सुबह और रात के समय बाहर निकलते वक्त गर्म कपड़े पहनने, हीटर या आग के स्रोतों का सुरक्षित उपयोग करने और जरूरत पड़ने पर चिकित्सीय सलाह लेने की अपील की है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट
जहां उत्तर भारत में ठंड का असर बढ़ रहा है, वहीं दक्षिण भारत के राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। तमिलनाडु में 12 और 13 नवंबर को भारी बारिश की संभावना है। केरल और माहे में 10 और 11 नवंबर, जबकि लक्षद्वीप में 10 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

पूर्वोत्तर भारत में स्थिर मौसम
आईएमडी के अनुसार, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 4–5 दिनों तक न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट जारी रहेगी।

क्यों बढ़ रही है ठंड?

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के गुजरने के बाद अब ठंडी और शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएं सक्रिय हो गई हैं। इन हवाओं के कारण हिमालयी क्षेत्रों से ठंडी बयार मैदानों तक पहुंच रही है, जिससे तापमान में लगातार गिरावट दर्ज हो रही।

 

Exit mobile version