सीएम योगी ने लगाया काशी विश्वनाथ के दर्शन का ‘शतक’,100वीं बार मत्था टेकने वाले पहले सीएम बने योगी आदित्यनाथ

CM visit Kashi Vishwanath 100th time

वाराणसी:उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन किए। इसके साथ ही वे 100वीं बार बाबा विश्वनाथ के दरबार में शामिल होने वाले राज्य के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं। बता दें साल 2017 में पहली बार राज्य की सत्ता संभालने वाले योगी जब भी काशी आते हैं तो आमतौर पर हर बार बाबा विश्वनाथ के दरबार में जाते हैं और विधिविधान से पूजा-अर्चना कर लोगों के कल्याण की कामना करते हैं।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को 113वीं बार वाराणसी के दो दिवसीय दौरे पर आए हैं। दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री ने श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में पूजा-अर्चना की है। जिसने एक नया रिकॉर्ड बनाया है। बता दें सीएम योगी महीने में एक या कभी-कभी दो बार काशी जाते हैं। मुख्यमंत्री अपने प्रत्येक दौरे में विकास कार्यों की समीक्षा करते हैं और फील्ड निरीक्षण करते हैं। पिछले छह साल में योगी हर 21 दिन में औसतन काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा करने पहुंचे हैं।

72 महीनों में 100 बार पहुंचे बाबा विश्वनाथ के धाम

योगी आदित्यनाथ अपने पहले और दूसरे कार्यकाल के 72 महीनों में करीब 100 बार बाबा विश्वनाथ के धाम पहुंचने वाले पहले सीएम बन गए हैं। पहली बार उत्तर प्रदेश की कमान संभालने के बाद योगी आदित्यनाथ 2017 से मार्च 2022 तक कुल 74 बार भगवान विशेश्वर का आशीर्वाद लेने पहुंचे थे। श्री काशी विश्वनाथ के अर्चक डॉ. नीरज कुमार पांडेय का कहना है कि यह सनातन धर्म और बाबा विश्वनाथ के प्रति उनकी असीम भक्ति को दर्शाता है। योगी विश्वनाथ जी का षोडशोपचार पूजन और रुद्र सूक्त से अभिषेक करते हैं। साथ ही विश्व के नाथ बाबा विश्वनाथ से जनकल्याण, देश व प्रदेश के कल्याण की प्रार्थना करते हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले साल नौ सितंबर को जब मुख्यमंत्री 100वीं बार वाराणसी आए थे। तब उन्होंने 88वीं बार श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के दर्शन किए थे। तब से लेकर 18 मार्च तक मुख्यमंत्री 12 बार बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगा चुके हैं।

100 बार बाबा के दरबार में हुए हाजिर

साथ ही काशी के कोतवाल कहे जाने वाले बाबा काल भैरव के दरबार में 100 बार हाजिरी लगाने वाले योगी मुख्यमंत्री भी बन गए हैं। शनिवार को मुख्यमंत्री ने बाबा काल भैरव मंदिर में विधि-विधान से दर्शन, पूजन और आरती की। इस दौरान मंदिर के बाहर एक लड़के को डमरू बजाते देख मुख्यमंत्री रुके और प्यार से उसका नाम पूछा और पढ़ाई के बारे में पूछा। साथ ही मुख्यमंत्री ने शनिवार को सर्किट हाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मुख्य रूप से नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया। इससे पूर्व उन्होंने शुक्रवार शाम वाराणसी पहुंचकर विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को सभी दिशा-निर्देश दिए।

Exit mobile version