कांवड़ यात्रा पर सीएम योगी का एक्शन प्लान… ड्रोन निगरानी, हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा और महिला सुरक्षा पर विशेष जोर…
सीएम योगी की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक
श्रावण मास को लेकर दिए खास निर्देश
श्रावण मास के अवसर पर उत्तर प्रदेश में संचालित हो रही पवित्र कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा हेतु मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक के दौरान यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल रहे। सुरक्षित और श्रद्धामय वातावरण में कांवड़ यात्रा सम्पन्न हो। सीएम ने अधिकारियों को ये सख्त हिदायत दी कि श्रद्धालुओं की सेवा और उनकी सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इसके लिए सभी प्रशासनिक व पुलिस इकाइयों को पूरी सजगता, संवेदनशीलता और सक्रियता के साथ कार्य करना होगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतज़ाम, महिला कांवड़ियों की सुरक्षा पर विशेष फोकस
सीएम योगी ने निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों पर साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, चिकित्सा, भोजनालय, विश्रामालय और शौचालय की समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने खास तौर पर महिला कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को महिला सुरक्षा बल की प्रभावी तैनाती करने और उनकी सुविधा के लिए विशेष प्रबंध करने के आदेश दिए।
संवेदनशील क्षेत्रों की ड्रोन व CCTV से निगरानी, खुफिया तंत्र रहे पूरी तरह सक्रिय
मुख्यमंत्री ने यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता या असामाजिक तत्वों की घुसपैठ को रोकने हेतु सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां 24×7 निगरानी हेतु ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी लगाए जाएं। साथ ही, उन्होंने खुफिया तंत्र को पूरी सतर्कता और सक्रियता से काम करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी साजिश को पहले ही विफल किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि “कांवड़ यात्रा में विघ्न डालने वालों से सख्ती से निपटा जाए और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।”
भजन प्रसारण और हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा का प्रस्ताव
श्रद्धालुओं के मनोबल और श्रद्धा को बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ने यात्रा मार्गों पर शिव भजनों का प्रसारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से आवश्यक सूचनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके अलावा, उन्होंने प्रमुख स्थलों पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा कराने की योजना भी बनाई, ताकि यात्रा का धार्मिक और आध्यात्मिक माहौल और भी भक्तिमय बन सके।
चिकित्सा व खानपान व्यवस्था पर विशेष निगरानी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह भी निर्देश दिए कि चिकित्सा शिविर के साथ ही प्राथमिक उपचार केंद्र और एम्बुलेंस सेवा कांवड़ यात्रा के मार्ग पर हर समय उपलब्ध रहें। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए। सीएम योग खाद्य सुरक्षा को लेकर भी खासे गंभीर दिखाई दिए। उन्होंने अधिकारियों के साथ ही साथ खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन ही नहीं स्थानीय प्रशासन को भी निर्देशित किया कि भोजन सामग्री की गुणवत्ता की हर दिन नियमित जांच की जाए, ताकि कोई श्रद्धालु अस्वस्थ न हो।
कांवड़ यात्रा बनेगी अनुशासन, भक्ति और सुरक्षा का संगम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे श्रद्धा, मर्यादा और अनुशासन के साथ कांवड़ यात्रा में भाग लें और प्रशासन से पूर्ण सहयोग करें। उन्होंने कहा कि “राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सेवा, सुविधा और सुरक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।” इस उच्चस्तरीय बैठक से साफ है कि कांवड़ यात्रा को सफल, भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए यूपी सरकार कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। योगी सरकार की इस कार्ययोजना से यह यात्रा आस्था के साथ-साथ व्यवस्था का भी उत्तम उदाहरण बन सकती है। ..(प्रकाश कुमार पांडेय)




