2026 विश्व स्कूली ग्रीष्मकालीन खेलों के लिए चीन के स्कूली खेल प्रतिनिधिमंडल का गठन
शुक्रवार को किया गया। चीन इस प्रतियोगिता में 85 एथलीटों को भेजेगा। खेल 3 दिसंबर से
ब्राज़ील के रियो डी जनेरियो में शुरू होंगे।
प्रतिनिधिमंडल में कुल 148 सदस्य शामिल हैं। इनमें 22 प्रांतों, क्षेत्रों और नगरपालिकाओं के 62
स्कूलों से आए 85 एथलीट हैं। ये खिलाड़ी एथलेटिक्स, बीच वॉलीबॉल, कुश्ती, जूडो, ताइक्वांडो,
कराटे और शतरंज सहित सात खेलों की 74 स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। चीनी छात्र खेल महासंघ के
उपाध्यक्ष मान खाईच्ये प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।
इस प्रतिनिधिमंडल के चयन की प्रक्रिया चीनी छात्र खेल महासंघ ने इस साल मई में शुरू की थी।
इसके तहत पिछले प्रदर्शन के आधार पर सात खेलों के लिए चयन परीक्षण आयोजित किए गए,
जिनमें 552 स्कूलों के 3,690 एथलीटों ने हिस्सा लिया।
प्रतिनिधिमंडल के गठन का समारोह ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों माध्यमों से आयोजित
किया गया। समारोह में कहा गया कि यह प्रतियोगिता चीन में स्कूली खेलों के विकास और
माध्यमिक विद्यालय के छात्रों की प्रतिभा तथा क्षमता दिखाने का एक महत्वपूर्ण मंच है।
प्रतिनिधिमंडल से देश के लिए शानदार प्रदर्शन करने और नए दौर के चीनी स्कूली छात्रों की
सकारात्मक छवि तथा खेल क्षमता को दुनिया के सामने पेश करने की उम्मीद जताई गई।
गौरतलब है कि ये खेल 3 से 8 दिसंबर तक रियो डी जनेरियो में आयोजित होंगे। अंतर्राष्ट्रीय स्कूली
खेल महासंघ इस प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है, जबकि ब्राज़ीलियाई स्कूली खेल महासंघ
इसकी मेजबानी करेगा। इसमें 46 देशों और क्षेत्रों के 2,000 से अधिक खिलाड़ियों के हिस्सा लेने
की उम्मीद है। चीन जिन सात खेलों में भाग लेगा, उनके अलावा इस बार पैरा एथलेटिक्स और
ऑनलाइन आयोजित होने वाली वर्चुअल साइक्लिंग तथा वर्चुअल रोइंग स्पर्धाएं भी शामिल हैं।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)