ग्रीष्मकालीन फिल्म सीजन ने चीनी मनोरंजन उद्योग को नई रफ्तार दी
चीन में इस वर्ष का ग्रीष्मकालीन फिल्म सीजन उम्मीद से कहीं अधिक सफल साबित हो रहा है। 2 अगस्त तक जारी उद्योग के आंकड़ों के अनुसार, एडवांस बुकिंग को मिलाकर समर बॉक्स ऑफिस का कारोबार 7.2 अरब युआन (लगभग ₹86.4 अरब) से अधिक हो चुका है। वहीं, वर्ष 2026 की शुरुआत से अब तक चीन का कुल बॉक्स ऑफिस 23 अरब युआन (करीब ₹276 अरब) का आंकड़ा पार कर चुका है। लगातार बढ़ती दर्शकों की संख्या ने फिल्म उद्योग में नई ऊर्जा भर दी है।
120 से अधिक फिल्मों ने दर्शकों को दिए मनोरंजन के कई विकल्प
इस बार समर सीजन में घरेलू और विदेशी मिलाकर 120 से ज्यादा फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज की गई हैं। इनमें ऐतिहासिक, एक्शन, कॉमेडी, साइंस फिक्शन, एनीमेशन और पारिवारिक फिल्मों जैसी कई श्रेणियां शामिल हैं। विविध विषयों वाली फिल्मों के कारण अलग-अलग आयु वर्ग के दर्शकों की सिनेमाघरों में अच्छी भागीदारी देखने को मिल रही है, जिससे टिकट बिक्री लगातार मजबूत बनी हुई है।
अब सिर्फ फिल्म नहीं, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों के केंद्र बनेंगे सिनेमाघर
चीन के राष्ट्रीय फिल्म ब्यूरो और बाजार नियामक विभाग ने नई नीति के तहत सिनेमाघरों को बहुउद्देश्यीय सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया है। इसका उद्देश्य केवल फिल्म प्रदर्शन तक सीमित रहने के बजाय दर्शकों को सामाजिक कार्यक्रम, सांस्कृतिक आयोजन, मनोरंजन और अन्य सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। इससे सिनेमाघरों की आय के नए स्रोत भी विकसित होंगे।
नए कारोबारी मॉडल से सिनेमाघरों की कमाई में लगातार इजाफा
बीजिंग और शंघाई सहित कई शहरों के सिनेमाघरों ने नए प्रयोग शुरू कर दिए हैं। कुछ स्थानों पर स्क्रीनिंग हॉल का उपयोग थीम इवेंट, ई-स्पोर्ट्स स्क्रीनिंग और विशेष आयोजनों के लिए किया जा रहा है। कई सिनेमाघरों की कुल आय में गैर-बॉक्स ऑफिस गतिविधियों का योगदान 20 से 25 प्रतिशत तक पहुंच चुका है। वहीं, एनीमे थीम वाले सिनेमाघर भी युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं।
नई नीति का लक्ष्य—हर सिनेमाघर अपनी अलग पहचान बनाए
सरकार ने “एक सिनेमाघर, एक नीति” के सिद्धांत को बढ़ावा दिया है। इसके तहत सिनेमाघरों को केवल टिकट कीमतों की प्रतिस्पर्धा तक सीमित न रहकर बेहतर सेवाएं, आधुनिक सुविधाएं और अनूठे सांस्कृतिक अनुभव देने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही कर्मचारियों के प्रशिक्षण, संचालन क्षमता और प्रबंधन को मजबूत करने के लिए भी नीतिगत सहयोग दिया जाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे चीन का फिल्म उद्योग आने वाले वर्षों में और अधिक प्रतिस्पर्धी तथा नवाचार आधारित बनेगा।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)