चीन और सिंगापुर के बीच मुक्त व्यापार समझौते के चौथे संस्करण पर बातचीत तेज होगी, AI और हरित ऊर्जा में भी बढ़ेगा सहयोग

21 नवंबर की सुबह चीनी प्रधानमंत्री ली छ्यांग ने पेइचिंग के त्याओयूथाई राजकीय अतिथि
गृह में सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग के साथ मुलाकात की।

ली छ्यांग ने कहा कि दोनों देशों के साझा प्रयासों से चीन-सिंगापुर संबंध लगातार आगे बढ़
रहे हैं और आपसी लाभ वाले सहयोग में भी अच्छे नतीजे सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि
एक दिन पहले चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग से मुलाकात की थी
और दोनों देशों के संबंधों को और गहरा करने की भावी दिशा पर चर्चा की थी। चीन सिंगापुर
के साथ रणनीतिक संवाद और राजनीतिक आपसी विश्वास को मजबूत करना चाहता है।
साथ ही, दोनों देश एक-दूसरे के मुख्य हितों और प्रमुख चिंताओं का समर्थन करते हुए
व्यावहारिक सहयोग का विस्तार करेंगे। इससे चीन-सिंगापुर के सर्वांगीण, उच्च गुणवत्ता
वाले और दूरदर्शी साझेदारी संबंधों को नई ऊंचाई मिलेगी और दोनों देशों की जनता को
अधिक लाभ होगा।

ली छ्यांग ने आगे कहा कि चीन सिंगापुर के साथ मुक्त व्यापार समझौते के 4.0 संस्करण
पर चल रही बातचीत को तेज करना चाहता है। इसके अलावा, दोनों देशों के बीच
उच्चस्तरीय खुलेपन को बढ़ावा देने और औद्योगिक एकीकरण को मजबूत करने की जरूरत
है।

उन्होंने कहा कि दोनों सरकारों के बीच चल रही प्रमुख परियोजनाओं की गुणवत्ता और स्तर
को बेहतर बनाने के साथ-साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्वच्छ ऊर्जा, कनेक्टिविटी और वित्त जैसे
क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाया जाना चाहिए। साथ ही, भूमि-समुद्री नए गलियारे के निर्माण को भी
आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि सामाजिक शासन के मामले में चीन और सिंगापुर के विचार काफी
हद तक समान हैं और दोनों देशों के सामने कई साझा चुनौतियां भी हैं। ऐसे में जनसंख्या की
बढ़ती उम्र, विकास में संतुलन और सार्वजनिक सेवाओं को बेहतर बनाने जैसे मुद्दों पर दोनों
पक्षों को आपसी अनुभव साझा करने और एक-दूसरे से सीखने की जरूरत है। इसके साथ ही,

पर्यटन, संस्कृति और युवाओं के बीच आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया जाना चाहिए, ताकि
दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी समझ बढ़े और उन्हें सहयोग का अधिक लाभ मिल सके।
वहीं, लॉरेंस वोंग ने शनचन में एपेक नेताओं की अनौपचारिक बैठक की सफल मेजबानी के
लिए चीन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पिछले कई दशकों में सिंगापुर और चीन ने आपसी
विश्वास के आधार पर मजबूत साझेदारी विकसित की है। मौजूदा अस्थिर अंतर्राष्ट्रीय
माहौल में दोनों देशों को संवाद और सहयोग और मजबूत करना चाहिए, ताकि साझा
चुनौतियों का मिलकर सामना किया जा सके और दोनों देशों की स्थिरता व समृद्धि बनी
रहे।
उन्होंने कहा कि सिंगापुर चीन के साथ उच्चस्तरीय आदान-प्रदान बढ़ाने, विकास रणनीतियों
के बीच तालमेल मजबूत करने और कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल अर्थव्यवस्था, हरित ऊर्जा
तथा कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करने का इच्छुक है। इसके अलावा,
दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और मानवीय आदान-प्रदान को भी बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि
द्विपक्षीय साझेदारी में नई उपलब्धियां हासिल की जा सकें।

लॉरेंस वोंग ने आगे कहा कि सिंगापुर राष्ट्रपति शी चिनफिंग की ओर से प्रस्तावित मानव
जाति के साझा भविष्य वाले समुदाय की अवधारणा और चार वैश्विक पहलों का समर्थन
करता है। उन्होंने विश्व शांति बनाए रखने और खुले विकास को बढ़ावा देने में चीन की
नेतृत्वकारी भूमिका की भी सराहना की।

उन्होंने बताया कि अगले साल सिंगापुर आसियान की अध्यक्षता करेगा। इस दौरान सिंगापुर
चीन के साथ क्षेत्रीय और बहुपक्षीय मंचों पर संवाद व सहयोग को और मजबूत करने,
आसियान-चीन सहयोग को आगे बढ़ाने और क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने के लिए मिलकर
काम करेगा।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

Exit mobile version