पेइचिंग समयानुसार 25 नवंबर की सुबह 8 बजकर 18 मिनट पर शनचो नंबर-24 समानव
अंतरिक्ष यान को ले जाने वाले लांग मार्च-2 एफ याओ-24 वाहक राकेट का प्रक्षेपण चीन के
च्युछ्वान उपग्रह प्रक्षेपण केंद्र में किया गया। करीब 10 मिनट बाद अंतरिक्ष यान ने
सफलतापूर्वक राकेट से अलग होकर पूर्व निर्धारित कक्षा में प्रवेश किया। प्रक्षेपण पूरी तरह सफल
रहा। चीनी समानव अंतरिक्ष उड़ान परियोजना के कार्यालय ने इसकी जानकारी दी।
इस कार्यालय के अनुसार, कक्षा में प्रवेश करने के बाद शनचो-24 ने उसी दिन सुबह 11 बजकर 56
मिनट पर अंतरिक्ष स्टेशन के थ्येनहे कोर मॉड्यूल के अग्रिम डॉकिंग पोर्ट से सफलतापूर्वक जुड़ाव
किया। इस पूरी प्रक्रिया में करीब साढ़े तीन घंटे लगे। दोपहर 2 बजकर 35 मिनट पर अंतरिक्ष में
अपना मिशन पूरा कर रहे शनचो-23 के चालक दल ने नए आए तीन अंतरिक्ष यात्रियों के स्वागत के
लिए स्टेशन का प्रवेश द्वार खोला। इस दौरान चीनी और पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्रियों ने पहली बार
अंतरिक्ष में हाथ मिलाकर एक ऐतिहासिक पल दर्ज किया।
यह चीन के मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशनों के इतिहास में नौवां ‘अंतरिक्ष मिलन’ है। साथ ही,
‘थ्येनकोंग’ अंतरिक्ष स्टेशन पर पहली बार किसी विदेशी अंतरिक्ष यात्री का स्वागत किया गया है।
इस ऐतिहासिक मौके पर सभी छह अंतरिक्ष यात्रियों ने एक साथ तस्वीर भी खिंचवाई। अब दोनों दल
अंतरिक्ष स्टेशन पर अपने-अपने कार्यों का जिम्मा रोटेशनल तरीके से निभाएंगे।
बताया जाता है कि मिशन के दौरान अंतरिक्ष जीवन व मानव अनुसंधान, माइक्रोग्रैविटी भौतिक
विज्ञान और नई अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी आदि क्षेत्रों में कई प्रयोग व परीक्षण और अनुप्रयोग कार्य
किए जाएंगे। इसमें कई चीन-विदेशी सहयोगात्मक वैज्ञानिक प्रयोग परियोजनाएं भी शामिल हैं।
गौरतलब है कि यह मिशन अंतरिक्ष स्टेशन के अनुप्रयोग और विकास के चरण में प्रवेश करने के
बाद चीन का आठवां मानवयुक्त अंतरिक्ष उड़ान मिशन है, समानव अंतरिक्ष उड़ान परियोजना
स्थापित होने के बाद 41वां प्रक्षेपण मिशन है और किसी विदेशी अंतरिक्ष यात्री को शामिल करने
वाला पहला मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन भी है। अब तक 31 चीनी अंतरिक्ष यात्रियों और 1
विदेशी अंतरिक्ष यात्री ने 50 बार अंतरिक्ष जाकर उड़ान मिशन किया है।
यह लांग मार्च श्रृंखला वाहक राकेट की 680वीं उड़ान है और शनचो अंतरिक्ष यान की 24वीं
उड़ान है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)