चीन: शनचन में एपेक राजदूतों और सीईओ की गोलमेज बैठक आयोजित

15 नवंबर को चाइना मीडिया ग्रुप (CMG) की ओर से चीन के शनचन शहर में एपेक
राजदूत और सीईओ गोलमेज बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का विषय था, खुलेपन के
अवसर साझा करें, पारस्परिक लाभ और साझा जीत हासिल करें।इसका मुख्य उद्देश्य
एपेक सदस्य अर्थव्यवस्थाओं और चीनी कंपनियों के बीच संवाद और सहयोग को बढ़ावा
देने के लिए एक साझा मंच तैयार करना था।

इस बैठक में CMG के महानिदेशक शन हाईश्योंग, चीन अंतर्राष्ट्रीय व्यापार संवर्धन परिषद
के अध्यक्ष रेन होंगपिन, चीन में इंडोनेशिया के राजदूत जौहरी ओरातमंगुन, पापुआ न्यू
गिनी के राजदूत थेडियस काम्बाने, पेरू के राजदूत कार्लोस वास्केज़ और पिंग एन इंश्योरेंस
ग्रुप के अध्यक्ष मा मिंगचे समेत कई प्रमुख हस्तियों ने हिस्सा लिया और अपने विचार
साझा किए।

इस मौके पर शन हाईश्योंग ने कहा कि चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने एशिया-प्रशांत क्षेत्र
को साझा घर और वैश्विक आर्थिक विकास का एक प्रमुख स्रोत बताया है। उन्होंने कहा कि
CMG न केवल एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग का गवाह और दस्तावेजीकरण करने वाला
संस्थान है, बल्कि इस सहयोग में सक्रिय भागीदार और समर्थक की भूमिका भी निभाता है।
उन्होंने आगे कहा कि CMG एशिया-प्रशांत क्षेत्र में नवाचार और विकास को बढ़ावा देने के
लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), अल्ट्रा हाई डेफिनिशन और बिग डेटा जैसी नई तकनीकों के
इस्तेमाल को प्रोत्साहित कर रहा है। इसके साथ ही, सांस्कृतिक आदान-प्रदान के विभिन्न
कार्यक्रमों के जरिए क्षेत्र के लोगों के बीच आपसी जुड़ाव को भी मजबूत कर रहा है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि यह गोलमेज बैठक एशिया-प्रशांत क्षेत्र के साझेदारों के बीच
समझ, आपसी विश्वास और मैत्रीपूर्ण सहयोग को और मजबूत करेगी। इससे क्षेत्र के लोगों
को भी ठोस लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि CMG आपसी सीख और आदान-प्रदान की
भावना के साथ सभी साझेदारों के साथ मिलकर आगे बढ़ने को तैयार है।
वहीं, रेन होंगपिन ने कहा कि एपेक का चीन वर्ष अब शनचन समय में प्रवेश कर चुका है।

ऐसे में एशिया-प्रशांत क्षेत्रीय सहयोग के लिए यह एक अहम अवसर है। उन्होंने कहा कि
CMG की पहल पर आयोजित यह बैठक एपेक के राजनयिकों और चीन की प्रमुख कंपनियों
के बीच संवाद का एक महत्वपूर्ण मंच तैयार करती है। यह पहल ऐसे समय में हुई है, जब
क्षेत्र की अर्थव्यवस्थाओं को आपसी सहयोग पर चर्चा करने और नए अवसर तलाशने की
जरूरत है।

उन्होंने आगे कहा कि चीन के विकास में एशिया-प्रशांत क्षेत्र की अहम भूमिका रही है और
इस क्षेत्र की समृद्धि भी चीन के विकास से जुड़ी हुई है। वीं पंचवर्षीय योजना के शुरुआती
दौर में चीन अपनी नीतियों में निरंतरता और स्थिरता बनाए रखते हुए उच्च गुणवत्ता वाले
विकास और उच्च स्तरीय खुलेपन को आगे बढ़ाएगा।

उन्होंने भरोसा जताया कि चीन अंतर्राष्ट्रीय व्यापार संवर्धन परिषद चीनी कारोबारी जगत
और एशिया-प्रशांत क्षेत्र के साझेदारों के बीच सहयोग को और गहरा करने के लिए काम
करेगी। साथ ही, एशिया-प्रशांत समुदाय के निर्माण को ठोस कारोबारी सहयोग में बदलने
और चीनी शैली के आधुनिकीकरण से मिलने वाले नए अवसरों को पूरे क्षेत्र के साथ साझा
करने में भी योगदान देगी।

गौरतलब है कि 2026 एपेक नेताओं की बैठक सप्ताह के दौरान CMG की ओर से आयोजित
यह पहला प्रमुख मीडिया कार्यक्रम था। इसमें CMG और चीन अंतर्राष्ट्रीय व्यापार संवर्धन
परिषद के संबंधित विभागों के प्रमुखों के अलावा, चीन में एपेक की कुछ सदस्य
अर्थव्यवस्थाओं के दूतावासों के काउंसलर, देश-विदेश की कंपनियों के प्रतिनिधि और विदेशी
व्यापार संघों के प्रमुख समेत करीब 80 लोगों ने हिस्सा लिया।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

 

 

 

Exit mobile version