जलवायु कार्रवाई में चीन की भूमिका महत्वपूर्ण: साइमन स्टील

जलवायु कार्रवाई में चीन की भूमिका महत्वपूर्ण: साइमन स्टील

संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन फ्रेमवर्क कन्वेंशन (UNFCCC) के कार्यकारी सचिव साइमन स्टील ने हाल ही में चाइना मीडिया ग्रुप (CMG) को दिए एक विशेष साक्षात्कार में कहा कि जलवायु परिवर्तन के प्रभाव पूरी दुनिया में तेजी से बढ़ रहे हैं और कोई भी देश इससे अछूता नहीं है।
उन्होंने कहा कि हरित और निम्न कार्बन अर्थव्यवस्था की दिशा में चीन ने जिस गति और प्रतिबद्धता के साथ कदम बढ़ाए हैं, वह उल्लेखनीय है। चीन का यह बदलाव न केवल रोजगार के नए अवसर पैदा कर रहा है और आर्थिक विकास को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि अपने बड़े पैमाने और तेज रफ्तार के कारण वैश्विक स्तर पर नवाचार को भी गति दे रहा है। इससे तकनीकों की लागत कम हो रही है और दुनिया के कई अन्य देश भी इसका लाभ उठा रहे हैं।
स्टील ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन, सौर ऊर्जा और पवन ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में हुई तेज प्रगति के पीछे चीन की नीतियों और निवेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि चीन ने न केवल अपने देश में, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी जलवायु कार्रवाई को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उनके अनुसार, चीन की नीतियां और उन्हें लागू करने की गति दुनिया के लिए एक उदाहरण हैं। उन्होंने यह भी कहा कि चीन द्वारा नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़े लक्ष्यों को तय समय से छह वर्ष पहले हासिल करना यह दिखाता है कि वह अपनी जलवायु प्रतिबद्धताओं को गंभीरता से लेता है।
UNFCCC के कार्यकारी सचिव ने आगे कहा कि वैश्विक ऊर्जा संकट ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जीवाश्म ईंधन पर अत्यधिक निर्भरता कई तरह के जोखिम पैदा कर सकती है। इस संकट ने कई देशों को ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक प्रतिस्पर्धा बनाए रखने के लिए नवीकरणीय ऊर्जा की ओर तेजी से बढ़ने के लिए प्रेरित किया है।
उन्होंने कहा कि पेरिस समझौते के तहत वैश्विक तापमान वृद्धि को 1.5 डिग्री सेल्सियस तक सीमित रखने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए अभी काफी काम बाकी है, लेकिन पहली बार वैश्विक उत्सर्जन में कमी के संकेत दिखाई देने लगे हैं।
स्टील ने यह भी कहा कि बहुपक्षीय प्रयासों में चीन ने सक्रिय भूमिका निभाई है और वह वैश्विक दक्षिण के देशों के साथ सहयोग को प्राथमिकता देता है। उन्होंने कहा कि बेल्ट एंड रोड पहल के माध्यम से विकासशील देशों में बड़े स्तर पर निवेश किया जा रहा है, जिससे जलवायु कार्रवाई और ऊर्जा परिवर्तन को बढ़ावा मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक निवेश का रुख अब तेजी से नवीकरणीय ऊर्जा की ओर बढ़ रहा है, लेकिन इसे और अधिक संतुलित बनाने की जरूरत है, ताकि सभी विकासशील देश इस बदलाव का लाभ उठा सकें। स्टील के अनुसार, चीन का अनुभव और नेतृत्व अन्य देशों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और इससे यह सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी कि वैश्विक ऊर्जा परिवर्तन की प्रक्रिया में कोई भी देश पीछे न छूटे।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
Exit mobile version