2 नवंबर की सुबह चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने पेइचिंग में राजकीय यात्रा पर चीन आए ओमान
के सुलतान हैथम बिन तारिक अल सैद के साथ वार्ता की। यह मुलाकात दोनों देशों के राजनयिक
संबंधों की स्थापना के 48 वर्षों में ओमान के किसी राष्ट्राध्यक्ष की पहली चीन यात्रा के अवसर पर
हुई।
वार्ता के दौरान राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने कहा कि चीन और ओमान के बीच मित्रता का इतिहास लंबा
है, उसकी नींव मजबूत है और भविष्य उज्ज्वल है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष हमेशा विश्वास,
ईमानदारी, सम्मान और न्याय के सिद्धांतों पर चलते हैं, जिससे हज़ारों साल पुरानी चीन-ओमान
मित्रता समय के साथ और गहरी हुई है।
शी चिनफिंग ने बताया कि हाल के वर्षों में दोनों देशों का राजनीतिक आपसी विश्वास लगातार
मजबूत हुआ है, पारस्परिक लाभकारी सहयोग को अच्छे परिणाम मिले हैं और पारंपरिक मित्रता
दोनों देशों की जनता के दिलों में गहराई तक बस गई है। उनके अनुसार, चीन-ओमान संबंधों का
विस्तार और गहराव दोनों पक्षों का साझा रणनीतिक विकल्प है, जो युग की प्रवृत्ति, इतिहास की
दिशा और दोनों देशों की जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप है।
चीनी राष्ट्रपति ने कहा कि चीन ओमान के साथ मिलकर द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी को उच्च
स्तर तक ले जाना चाहता है, ताकि दोनों देशों की जनता को अधिक लाभ मिले और क्षेत्रीय शांति,
स्थिरता तथा समृद्धि को बढ़ावा मिले। उन्होंने जोर दिया कि सुलतान हैथम की यह यात्रा चीन-
ओमान संबंधों के इतिहास में एक महत्वपूर्ण पृष्ठ साबित होगी और द्विपक्षीय सहयोग को नई गति
देगी।
शी चिनफिंग ने कहा कि वर्तमान दुनिया में गहरे बदलाव तेजी से हो रहे हैं और वैश्विक चुनौतियाँ
लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि मध्य पूर्व और खाड़ी क्षेत्र को बड़े देशों की प्रतिस्पर्धा या भू-
राजनीतिक टकराव का अखाड़ा नहीं बनना चाहिए। क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए सभी पक्षों को
मिलकर अनुकूल माहौल बनाना और उसकी रक्षा करनी होगी।
उन्होंने कहा कि चीन युद्ध रोकने और शांति बहाल करने के लिए सक्रिय रूप से प्रयासरत है तथा
क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों के समाधान के लिए अपनी बुद्धिमत्ता और सुझाव देना चाहता है। चीन
ओमान सहित अरब देशों और खाड़ी सहयोग परिषद के सदस्य देशों के साथ संवाद व समन्वय
बढ़ाकर क्षेत्र में जल्द शांति और स्थिरता लाने के लिए सहयोग करना चाहता है।
इस अवसर पर सुलतान हैथम ने कहा कि महान और मैत्रीपूर्ण चीन की यात्रा करके वे बेहद खुश हैं।
उन्होंने राष्ट्रपति शी चिनफिंग के नेतृत्व में चीन की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि चीन
विश्व की प्रमुख राजनीतिक और आर्थिक शक्ति बन गया है और वैश्विक समृद्धि व स्थिरता में
महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
सुलतान हैथम ने कहा कि ओमान और चीन के बीच पारंपरिक मित्रता है और दोनों पक्ष हमेशा एक-
दूसरे का सम्मान तथा विश्वास करते हैं। उन्होंने दोहराया कि ओमान एक-चीन सिद्धांत का दृढ़ता
से समर्थन करता है और चीन के राष्ट्रीय संप्रभुता तथा क्षेत्रीय अखंडता के प्रति अपना समर्थन बनाए
रखेगा।
उन्होंने उम्मीद जताई कि यह यात्रा दोनों देशों के संबंधों के लिए एक नया प्रारंभ बिंदु बनेगी।
उन्होंने कहा कि ओमान अधिक सहयोग के अवसर तलाशना चाहता है, भविष्योन्मुख साझेदारी
विकसित करना चाहता है और चीन के साथ संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाना चाहता है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)