चीन के निर्यात-आयात बैंक से शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार, इस साल के पहले 10
महीनों में बैंक ने 7 खरब युआन से अधिक के तकनीकी ऋण वितरित किए हैं। इससे 2,600 से
ज्यादा कंपनियों को वित्तीय सहायता मिली है।
बैंक ने तकनीकी नवाचार से जुड़ी प्रमुख परियोजनाओं की दीर्घकालिक और बड़े पैमाने पर वित्तीय
जरूरतों को पूरा करने के लिए एक विशेष कार्य तंत्र बनाया है। इसके तहत विभिन्न वित्तीय उत्पादों
के जरिए प्रमुख और महत्वपूर्ण तकनीकों में सफलता हासिल करने, बुनियादी अनुसंधान को बढ़ावा
देने और उसके व्यावसायिक उपयोग में मदद की जा रही है।
इसके अलावा, तकनीकी क्षेत्र में काम करने वाले विकासशील उद्यमों को अक्सर तकनीक होने के
बावजूद कम राजस्व और गारंटी की कमी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इन
चुनौतियों को दूर करने के लिए बैंक ने तकनीकी क्षमता के आकलन का एक विशेष मॉडल
विकसित किया है। इसके साथ ही, विशेष ऋण सीमा और नीतियों को भी जोड़ा गया है, ताकि ऐसे
उद्यमों के लिए वित्तीय सहायता हासिल करना आसान हो सके।
वहीं, बैंक अपनी अंतर्राष्ट्रीय कारोबार संबंधी क्षमताओं का इस्तेमाल करते हुए तकनीकी कंपनियों
को विदेशों में अनुसंधान एवं विकास केंद्र, उत्पादन इकाइयां और आपूर्ति श्रृंखला स्थापित करने में
भी मदद कर रहा है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)