स्थानीय समय के अनुसार, 5 से 6 नवंबर तक, रूस की राजधानी मॉस्को और घाना की
राजधानी अक्करा में अलग-अलग तौर पर चीन का शासन और विश्व विकास' विषय पर विशेष
कार्यक्रम आयोजित किया गया। दोनों का आयोजन चाइना मीडिया ग्रुप (CMG) और रूस एवं
घाना दोनों देशों में स्थित चीनी दूतावासों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस मौके पर CMG
के महानिदेशक शन हाईश्योंग ने वीडियो संदेश के जरिए संबोधन दिया।
मॉस्को में आयोजित इस कार्यक्रम में, रूस के राजनीतिक, कारोबार, शैक्षणिक और मीडिया जगत
के प्रतिनिधियों के साथ विश्वविद्यालयों के छात्रों समेत 100 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। इस
दौरान चीन के शासन अनुभव और चीन-रूस सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
अपने वीडियो संबोधन में शन हाइश्योंग ने कहा कि आज के चीन को समझने के लिए चीनी
कम्युनिस्ट पार्टी को समझना जरूरी है। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में चर्चा का विषय रहा चीनी
कम्युनिस्ट पार्टी की 20वीं केंद्रीय समिति का पांचवां सत्र हाल ही में पेइचिंग में संपन्न हुआ है। इस
बैठक में नए युग में पार्टी के व्यापक और सख्त शासन से जुड़ी उपलब्धियों और अनुभवों की समीक्षा
की गई। साथ ही, पार्टी के भीतर अनुशासन और जवाबदेही को लगातार मजबूत करने के लिए आगे
की योजनाएं भी तय की गईं।
शन हाइश्योंग ने यह भी कहा कि CMG चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की विकास यात्रा और उसकी
उपलब्धियों को दुनिया के सामने पेश करता रहेगा। इसके लिए 'शी चिनफिंग के पसंदीदा कालजयी
उद्धरण' और 'शी चिनफिंग के पार्टी निर्माण विचारों पर व्याख्यान' जैसे कार्यक्रमों के जरिए पार्टी की
नीतियों और विचारों को बेहतर ढंग से समझाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों का मकसद
पार्टी के शासन अनुभवों के जरिए चीन की शासन व्यवस्था के व्यावहारिक पहलुओं को दुनिया के
साथ साझा करना है। इसके लिए CMG अपने 85 भाषाओं में प्रसारण, CGTN के मल्टीमीडिया
प्लेटफॉर्म और 192 विदेशी स्टेशनों के नेटवर्क का पूरा इस्तेमाल करेगा। साथ ही, विभिन्न देशों की
सरकारी संस्थाओं, मीडिया संगठनों और थिंक टैंकों के साथ सहयोग बढ़ाया जाएगा, ताकि शासन
व्यवस्था से जुड़े अनुभव साझा किए जा सकें और वैश्विक चुनौतियों का मिलकर सामना किया जा
सके। इस मौके पर रूसी संघ परिषद की अंतर्राष्ट्रीय मामलों की समिति के अध्यक्ष आंद्रेई डेनिसोव ने कहा
कि 1.4 अरब से अधिक आबादी वाले चीन की स्थिरता और विकास को बनाए रखने में चीनी
कम्युनिस्ट पार्टी की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने बुनियादी सिद्धांतों को नए
विचारों और बदलती परिस्थितियों के साथ जोड़ती है। साथ ही, वह अनुभवों से सीखने और व्यवहार
में उनकी कसौटी पर परखने पर जोर देती है, ताकि विकास की दिशा सही बनी रहे।
डेनिसोव ने कहा कि चीन ने यह साबित किया है कि कोई भी देश पश्चिमी विकास मॉडल को अपनाए
बिना भी अपनी परिस्थितियों और विशेषताओं के अनुरूप विकास का रास्ता तलाश सकता है।
उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के शासन जैसे नए क्षेत्रों में चीन के प्रयासों की भी सराहना की। उनके
मुताबिक, चीन ने तकनीकी विकास और उससे जुड़े नियमों, दोनों को समान महत्व दिया है। इस
तरह वह वैश्विक शासन व्यवस्था को लेकर अपने अनुभव और समाधान भी दुनिया के साथ साझा
कर रहा है।
उधर, अक्करा में आयोजित संवाद में घाना के राजनीतिक, शैक्षणिक, मीडिया और गैर-सरकारी
मैत्री संगठनों के करीब 150 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान विकासशील देशों के लिए चीन
की शासन व्यवस्था से मिलने वाले अनुभवों और सीख पर विचार-विमर्श किया गया।
इस आयोजन में प्रतिभागियों ने चीन के शासन अनुभव, चीन-अफ्रीका सहयोग की संभावनाओं और
सांस्कृतिक आदान-प्रदान एवं पारस्परिक शिक्षा जैसे विषयों पर चर्चा की। अतिथियों ने सीपीसी की
20वीं केंद्रीय समिति के पाँचवें पूर्ण सत्र के महत्व की अत्यधिक सराहना की और माना कि इस सत्र ने
आत्म-क्रांति में संलग्न होने के सीपीसी के विशिष्ट चरित्र और पार्टी के व्यापक एवं कठोर शासन को
निरंतर आगे बढ़ाने के उसके दृढ़ संकल्प को पूर्णतः प्रदर्शित किया।
उन्होंने कहा कि इस सत्र ने न केवल विश्वभर के देशों में पार्टी निर्माण को सुदृढ़ करने और राष्ट्रीय
शासन में सुधार लाने के लिए चीनी ज्ञान का योगदान दिया, बल्कि विकासशील देशों को अपनी राष्ट्रीय
परिस्थितियों के अनुकूल विकास पथ तलाशने के लिए मूल्यवान सबक भी प्रदान किए।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)





