जनता दर्शन में सीएम योगी आदित्यनाथ का सख्त संदेश .. गरीबों की जमीन कब्जाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर परिसर में रविवार को आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न जिलों से आए करीब 200 लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गरीबों की जमीन पर कब्जा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। यदि किसी दबंग ने अवैध कब्जा किया है तो जमीन तत्काल कब्जामुक्त कराई जाए और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो। जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार किसी भी हाल में अन्याय बर्दाश्त नहीं करेगी।
जनता से सीधे संवाद
सीएम योगी स्वयं लोगों के पास पहुंचे और एक-एक करके समस्याएं सुनीं। सभी प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के लिए सौंपा। पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्या का तेजी और निष्पक्षता से समाधान कराया जाएगा।
स्वास्थ्य सहायता पर आश्वासन
जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने पहुंचे। सीएम ने कहा कि सरकार इलाज के लिए हरसंभव मदद करेगी। अधिकारियों को निर्देश दिए कि इलाज से जुड़े अनुमान पत्र (Estimate) की प्रक्रिया जल्द से जल्द शासन को भेजी जाए।
पारदर्शिता और संवेदनशीलता पर जोर
भूमि विवाद, राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों में पूरी पारदर्शिता से कार्यवाही का आदेश। अधिकारियों से कहा कि हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार हो और किसी भी शिकायतकर्ता को न्याय दिलाने में देरी न हो। योगी आदित्यनाथ का यह जनता दर्शन संदेश साफ करता है कि सरकार अपनी प्राथमिकता गरीबों की सुरक्षा और आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान पर केंद्रित कर रही है।