मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य के मेधावी छात्रों के लिए एक बार फिर से बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने ऐलान किया है कि 12वीं बोर्ड परीक्षा में 75% या उससे अधिक अंक लाने वाले छात्रों को 4 जुलाई को लैपटॉप की राशि दी जाएगी। यह राशि सीधे छात्रों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी, जिससे वे अपने लिए आवश्यकतानुसार लैपटॉप खरीद सकें।
- 4 जुलाई को मिलेगा लैपटॉप का लाभ
- 94,234 विद्यार्थियों को मिलेगी लैपटॉप की राशि
- ₹235.58 करोड़ की राशि ट्रांसफर करेंगे सीएम
- प्रदेश भर से 500 से अधिक विद्यार्थी और शिक्षक होंगे शामिल
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार 4 जुलाई 2025 को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में प्रतिभाशाली छात्र छात्राओं को सौगात देने वाले हैं। सीएम प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत लैपटॉप वितरण कार्यक्रम में शामिल होकर राशि बैंक के खातों ट्रांसफर करेंगे। उनके साथ स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह भी उपस्थित रहेंगे। इस योजना के अंतर्गत माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं बोर्ड परीक्षा में 75% या उससे अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को 25,000 रुपये की राशि उनके बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी। जिससे वे लैपटॉप खरीद सकें। इस वर्ष 94,234 विद्यार्थियों को लैपटॉप हेतु ₹235.58 करोड़ की राशि दी जा रही है। कार्यक्रम में प्रदेश भर से 500 से अधिक विद्यार्थी व शिक्षक शामिल होंगे।
पिछले साल 89,710 छात्रों को मिली थी लैपटॉप की राशि
पिछले वर्ष (2023-24) में 89,710 छात्रों को ₹224.27 करोड़ वितरित किए गए थे। इस योजना की शुरुआत वर्ष 2009-10 में हुई थी और अब तक 4.32 लाख से अधिक विद्यार्थियों को ₹1080.04 करोड़ की सहायता राशि दी जा चुकी है।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा 4 जुलाई 2025 को इस योजना के तहत लाभार्थियों को राशि प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा “बच्चों के बौद्धिक विकास में तकनीकी उपकरणों की महत्वपूर्ण भूमिका है। लैपटॉप आधुनिक शिक्षा के लिए आवश्यक साधन है। हम चाहते हैं कि हर योग्य विद्यार्थी तक तकनीक की पहुंच हो, जिससे वे भविष्य की प्रतिस्पर्धाओं में आगे बढ़ सकें।”
मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना
बता दें मध्य प्रदेश सरकार कई वर्षों से मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना (MMVY) के तहत छात्रों को शैक्षणिक प्रोत्साहन दे रही है। इस योजना में कई लाभ छात्र छात्राओं को मिल रहे हैं।
लैपटॉप योजना
बता दें योजना का लाभ उन्हीं छात्रों को मिलेगा। जिन्होंने MP Board 12वीं परीक्षा 2025 में 75% या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं। सरकार द्वारा लगभग 94,000 छात्रों को इस योजना का लाभ मिलेगा। हर पात्र छात्र को ₹25,000 की राशि प्रदान की जाएगी। जिससे वे लैपटॉप खरीद सकें। 12वीं कक्षा में 75% या उससे अधिक अंक लाने वाले छात्रों को ₹25,000 की राशि। सरकारी और निजी स्कूल दोनों के छात्र पात्र होते हैं, बशर्ते वे MP Board से परीक्षा पास करें।
स्कूटी योजना
शासकीय स्कूलों के टॉपर्स को ई-स्कूटी प्रदान की जाती है। 2025 में लगभग 7,900 टॉपर्स को स्कूटी दी जा रही है।
साइकिल योजना
कक्षा 6वीं से 9वीं के छात्रों को साइकिल वितरित की जाती है। 2025 में करीब 4 लाख 30 हजार छात्रों को साइकिल दी जा रही है।
बजट और पारदर्शिता
मध्यप्रदेश सरकार की पहल से प्रदेश के बच्चों को योजनाओं का समय पर लाभ मिल रहा है। जबकि पूर्ववर्ती कांग्रेस की सरकार के समय कभी बजट की कमी या देरी के चलते छात्रों को योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिल पाया। इस बार भी स्कूल शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि पर्याप्त बजट उपलब्ध है। योजनाओं को समय पर लागू किया जा रहा है। छात्रों का डेटा स्कूल स्तर पर एकत्र कर शिक्षा पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है।…(प्रकाश कुमार पांडेय)