बाबा महाकाल की कृपा से सिंहस्थ-2028 होगा ऐतिहासिक : मुख्यमंत्री यादव
उज्जैन में तीर्थाटन और विकास कार्यों को मिलेगा नया आयाम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बाबा महाकाल की कृपा से सिंहस्थ-2028 पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ेगा। उज्जैन में तीर्थाटन को बढ़ावा देने के साथ ही शहर के विकास में किसी भी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी। वे उज्जैन में लोकमान्य तिलक गणेश उत्सव महाआयोजन समिति द्वारा आयोजित मिट्टी गणेश प्रतिमा वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएँ भी दीं।
धार्मिक व सांस्कृतिक संदेश
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गणेश की पूजा-अर्चना से हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में श्रीगणेश प्रथम पूज्य हैं और हर शुभ कार्य का आरंभ उनकी वंदना से ही होता है। उन्होंने घर-घर में मिट्टी के गणेश स्थापित करने का संदेश देते हुए कहा कि यह न केवल पर्यावरण संरक्षण बल्कि स्वदेशी भावना को भी मजबूती देता है।
उज्जैन में विकास की नई योजनाएँ
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि उज्जैन के निरंतर सौंदर्यीकरण कार्य जारी हैं। सड़कों का चौड़ीकरण, फ्लाईओवर निर्माण और पीथमपुर-इंदौर-उज्जैन तक मेट्रो ट्रेन चलाने की तैयारी की जा रही है। गोपाल मंदिर चौक का शीघ्र विस्तारीकरण भी साथ ही किया जाएगा।
मूर्ति वितरण और नागरिकों की भागीदारी
कार्यक्रम में लगभग 300 मिट्टी की गणेश प्रतिमाएँ विभिन्न समितियों और संगठनों को वितरित की गईं। विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने कार्यक्रम की जानकारी दी, वहीं महापौर मुकेश ट्टवाल और अन्य जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया सिंहस्थ-2028 को लेकर मुख्यमंत्री के इस संकल्प ने उज्जैनवासियों में नई ऊर्जा और उम्मीद जगा दी है। (प्रकाश कुमार पांडेय)





