मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने दत्त अखाड़ा घाट पहुंचकर दिया सूर्य देव को अर्घ्य… धोती कुर्ता पहने नजर आए सीएम
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव अपने गृह नगर उज्जैन पहुंचे। रविवार की सुबह वे शिप्रा नदी के दत्त अखाड़ा घाट पहुंचकर उन्होंने सूर्य देव को अर्घ्य दिया और पूजा पाठ की। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने राम मंदिर की स्थापना का उल्लेख करते हुए रामनवमी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की श्रीलंका यात्रा को गर्व का विषय बताया है। सीएम ने उज्जैन के महाराजवाड़ा हेरिटेज होटल के लोकार्पण की भी जानकारी दी।
- भारतीय नव वर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा
- विक्रम नव वर्ष आरंभ
- सीएम ने दी प्रदेश वासियों को शुभकामनाएं
- सीएम ने विक्रम नव वर्ष की दी शुभकामनाएं
- उज्जैन पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव
- शिप्रा नदी में दिया सीएम ने अर्घ्य
- धोती कुर्ता पहने नजर आए सीएम डॉ.मोहन यादव
बता दें उज्जैन शहर ही नहीं बल्कि पूरे मध्यप्रदेश में विक्रम नववर्ष को धूमधाम से मनाया जा रहा है। जगह जगह धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसके साथ ही लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने भारतीय नव वर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा, विक्रम नव वर्ष 2082 के आरंभ पर विक्रम ध्वज और गुड़ी पड़वा का पूजन किया। इसके साथ ही उन्होंने देश और प्रदेशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने अपने संदेश में कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि जहां एक और राम मंदिर की स्थापना हुई है। वहीं दूसरी ओर अब रामनवमीं पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्रीलंका जाएंगे। बता दें मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव आज रविवार 30 मार्च को उज्जैन में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। यहां सीएम महाराजवाड़ा हेरिटेज होटल का लोकार्पण भी करेंगे। मुख्यमंत्री ने इस होटल की खासियत का उल्लेख करते हुए बताया कि यहां के प्रत्येक रुम को राजसी अंदाज में बनाया गया है। प्रत्येक रुम का नाम उज्जैन के राजा महाराजाओं के नाम पर रखा गया है।
CM को दी जाएगी “डी लिट” की उपाधि
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को उज्जैन में स्थित विक्रम विश्वविद्यालय परिसर में आज रविवार को आयोजित दीक्षांत समारोह में डी लिट की उपाधि प्रदान की जाएगी। बता दें विक्रम विश्वविद्यालय के विद्यार्थी रहे मुख्यमंत्री डाॅ.मोहन यादव के साथ ही “रामचंद्र मिशन हार्टफुलनेस संस्थान” के वैश्विक अध्यक्ष कमलेश डी. पटेल को भी डी लिट् यानी मानद उपाधि की उपाधि प्रदान की जाएगी। जानकारी के अनुसार इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी, जूना अखाड़े पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि, लेफ्टिनेंट कर्नल राजवर्धन सिंह राठौर, पूर्व न्यायाधीश रमेशचंद्र लाहोटी, इफको के प्रबंध निदेशक उदयशंकर अवस्थी, सोमयाजी दीक्षित, वरिष्ठ पत्रकार आलोक मेहता और पद्मभूषण डॉ.अनिल कोहली को विक्रम विश्वविद्यालय की ओर से यह उपाधि प्रदान की जा चुकी है।