मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश की महिलाओं, बहनों और बेटियों के हित में हमेशा उनके साथ खड़ी है। सरकार उनकी मदद के लिए कोई कसर नहीं रखेगी। सरकार बहनों को उनका हर वाजिब हक दिलायेगी। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंडला में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कही। सीएम ने कहा राज्य के आर्थिक और सामाजिक विकास में आधी आबादी की भी पूरी भूमिका होना चाहिए। इसे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार की ओर से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। देश की राजनीति में महिलाओं का भी प्रतिनिधित्व बढ़े इसके लिए आने वाले वर्षों में लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार पहले से ही प्रदेश के नगरीय निकाय चुनावों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण लागू कर चुकी है।
- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का ऐलान
- बहनों को दिलाएंगे उनका पूरा हक
- हमारी सरकार हमेशा मां, बहनों और बेटियों के साथ
- सीएम ने की दहेज और मृत्युभोज से बचने की अपील
- कहा—— बच्चों को शिक्षित करें और समर्थ बनाएं
- लाड़ली बहना सहित दूसरी योजना के हितग्राहियों को मिली सौगात
- 2.5 हजार करोड़ रुपए से अधिक की मिली सहायता राशि
- 1.27 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में 1552.38 करोड़ रुपये
- 56.68 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों को मिले 340 करोड़ रुपये
- सिलेंडर रिफिलिंग के लिए 25 लाख बहनों को 57 करोड़ रूपये
- आदिवासी बहुल मंडला जिले को दी सीएम ने सौगात
- 232 करोड़ रुपए के 66 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन
- महिला क्रिकेट टीम में चयन के लिए मंडला की बेटी शुचि का सम्मान
बता दें मुख्यमंत्री ने एक दिन पहले बुधवार को मंडला जिले में स्थित टिकरवारा गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य स्तरीय कार्यक्रम में ही प्रदेश की लाड़ली बहनों सहित दूसरी कई योजनाओं के हितग्राहियों को सिंगल क्लिक के जरिए करीब 2500 करोड़ रुपये से अधिक की सम्मान और सहायता राशि अंतरित की। इसके साथ ही सीएम ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम में चयन होने वाली सुश्री शुचि उपाध्याय का भी मंच से अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ.मोहनयादव ने कई योजनाओं में हितलाभ और युवाओं को नियुक्ति-पत्र भी बांटे।
मंडला को 232 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की दी सौगात
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की ओर से मध्यप्रदेश की 1.27 करोड़ पात्र महिला हितग्राहियों को 1552.38 करोड़ रुपए अंतरित किये तो वहीं 56.68 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशन के हितग्राहियों के बैंक खाते में करीब 340 करोड़ रुपए ट्रांसफर किये। पीएम उज्ज्वला गैस योजना की पात्र 25 लाख महिला हितग्राही के खाते में सिलेंडर रिफिलिंग के लिए 57 करोड़ रुपए की राशि भी ट्रांसफर की। मध्यप्रदेश की मोहन सरकार की ओर से प्रदेश की लाड़ली बहनों को इस योजना के तहत अब तक करीब 36 हजार 500 करोड़ रुपए से अधिक की सम्मान राशि प्रदान की है। वहीं सीएम ने मंडला जिले के विकास को और गति देने के लिए मुख्यमंत्री ने 232 करोड़ रुपए की लागत वाले 66 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी किया।
1100 नवविवाहित दंपत्तियों को आशीर्वाद दिया
मुख्यमंत्री कन्या विवाह निकाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह में परिणय-सूत्र में बंधने वाले 1100 से अधिक नवविवाहित दंपत्तियों पर सीएम ने
पुष्प वर्षा की और उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने कहा कि नवविवाहित दंपत्तियों को 49-49 हजार की राशि उपहार के तौर पर प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि विवाह संस्कार सभी 16 संस्कारों में सबसे बड़ा होता है। नवदंपत्ति नए संकल्पों के साथ अपने सपनों का संसार बसाने के लिए विवाह संस्कार के बाद आगे बढ़ते हैं।
नव दंपतियों को बताया बचत का महत्व
सीएम ने नव दंपतियों को बचत का महत्व बताया और कहा जीवन में कमाई का एक हिस्सा बचाएं। जिससे अपने वाले भविष्य में अपने साथ बच्चों का भविष्य भी सुरक्षित समृद्ध हो सके। साथ ही डॉ.यादव ने लोगों से विवाह समारोह पर बेहिसाब पानी की तरह पैसा खर्च से भी बचने का सुझाव देते हुए कहा कि कन्या विवाह निकाह योजना के सामूहिक विवाह में शामिल हों। इससे कोई भी कम खर्च में धूमधाम से विवाह कर सकता है।