छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बदलाव,दीपक बैज को बनाया पीसीसी चीफ,ये हैं बैज के सामने चु​नौतियां

छत्तीसगढ़ में साल के अंत में विधानसभा चुनाव होना है। जिसकी तैयारियां शुरु हो गई है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने सिंहदेव को डिप्टी सीएम बनाने के बाद एक और बढ़ा बदलाव किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की कमान दीपक बैच को सौंपी गई है।

कांग्रेस में चुनाव से पहले दूसरा बड़ा फेरबदल

पहले सत्ता में बदलाव किया था। जिसके तहत स्वास्थ्य मंत्री टीएस ​सिंहदेव को भूपेश सरकार में डिप्टी सीएम बनाया गया। इसके बाद बुधवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बीच प्रदेश कांग्रेस संगठन में बड़ा बदलाव किया गया।

कांग्रेस हाईकमान ने लिया बड़ा फैसला

कांग्रेस हाइकमान ने सांसद दीपक बैज को छत्तीसगढ़ कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया है। इससे पहले पीसीसी चीफ की जिम्मेदारी मोहन मरकाम उठा रहे थे। बता दें दीपक बैज बड़ा आदिवासी चेहरा माने जाते हैं। विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश कांग्रेस संगठन में में बड़ा फेरबदल कर कांग्रेस ने चुनाव से पहले आदिवासी वर्ग को साधने का राजनीतिक कदम उठाया है।

बस्तर से ​सांसद हैं दीपक बैज

छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नव नियुक्त प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज को बस्तर का बड़ा आदिवासी नेता माना जाता है। वे ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस के उपाध्यक्ष भी हैं। बैज साल 2013 से 2018 तक चित्रकूट विधानसभा सीट से विधायक रहे फिलहाल वे बस्तर लोकसभा सीट से कांग्रेस सांसद हैं।

बैज के चुनौतियों का अंबार

छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव से पहले बैज को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। बता दें कुछ दिन पहले दिल्ली में छत्तीसगढ़ को लेकर कांग्रेस हाई कमान ने बैठक की थी। बैठक में पार्टी के नेता एकजुट होकर विधानसभा चुनाव के मैदान में उतरें इस पर जोर दिया गया था। इस बार कांग्रेस के सामने अपनी सरकार को दोहराने की चुनौती है। विपक्ष में बैठी बीजेपी लगातार कांग्रेस सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेर रही है। ऐसे में आने वाले समय में दीपक बैज को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। चुनाव के दौरान संगठन के नेताओं में एकजुटता बनी रहे इसे लेकर सामंजस्य बनाने का काम पार्टी प्रदेश अध्यक्ष पर होता है।

सीएम भूपेश ने दी बैज को बधाई

छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सांसद दीपक बैज को बधाई दी है। सीएम बघेल ने ट्वीट करते हुए कहा छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष दीपक बैज को नए दायित्व के लिए बधाई और शुभकामनाएं। साथ ही उन्होंने कांग्रेस के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम का पार्टी संगठन को सफल नेतृत्व प्रदान करने के लिए आभार जताया।

Exit mobile version