Chhattisgarh News : भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य गिरफ्तार, पूर्व सीएम बोले- “ताउम्र याद रहेगा तोहफा”

भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य गिरफ्तार, पूर्व सीएम बोले- “ताउम्र याद रहेगा तोहफा”

छत्तीसगढ़ की राजनीति आज उस वक्त गरमा गई जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को कथित शराब घोटाले में गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार सुबह भिलाई स्थित आवास पर छापेमारी के बाद यह कार्रवाई की गई।

चैतन्य बघेल को मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत हिरासत में लिया गया है। उन पर राज्य में हुए शराब घोटाले से जुड़े पैसों की हेराफेरी में शामिल होने का आरोप है। ईडी की टीम आज सुबह ही बघेल निवास पर पहुंची थी, जिसके बाद कांग्रेस समर्थकों में खलबली मच गई।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताया। उन्होंने X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट किया –
“ED आ गई है। आज विधानसभा का अंतिम दिन है। अडानी के लिए तमनार में काटे जा रहे पेड़ों का मुद्दा उठाना था, लेकिन साहेब ने ED भेज दी।”

बघेल ने आगे लिखा –
“आज मेरे बेटे चैतन्य का जन्मदिन है। साहेब ने तोहफे में ED भेज दी। ताउम्र याद रहेगा।”

कांग्रेस का आरोप है कि विधानसभा सत्र के आखिरी दिन अडानी के मुद्दे को दबाने और विपक्ष को डराने के लिए यह कार्रवाई की गई है। वहीं भाजपा ने कहा है कि “अगर भ्रष्टाचार हुआ है, तो कार्रवाई तो होगी।”

इस गिरफ्तारी के बाद राज्य की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं, और विधानसभा चुनाव से पहले माहौल पूरी तरह गरम हो चुका है।

Exit mobile version