4,500 मीटर से अधिक की औसत ऊंचाई पर स्थित चीन के शीत्सांग स्वायत्त प्रदेश का नगारी क्षेत्र
ऊंचाई, ठंडी जलवायु, ऑक्सीजन की कमी और कम पाला मुक्त अवधि जैसी परिस्थितियों के
कारण पारंपरिक रूप से खेती के लिए अनुकूल नहीं माना जाता था। ऐसे में स्थानीय लोगों के लिए
सर्दियों में ताजी हरी सब्जियां मिलना मुश्किल होता था और फलों तथा सब्जियों की कीमतें भी
लगातार ऊंची रहती थीं। लेकिन अब सुविधा संपन्न कृषि के विकास से स्थिति बदल रही है।
स्थानीय बाजारों में फल और सब्जियां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और कीमतें भी पहले के
मुकाबले कम हुई हैं। इससे लोगों की खाने की थाली भी पहले से ज्यादा समृद्ध हुई है।
नगारी क्षेत्र में फल और सब्जियों की आपूर्ति के एक प्रमुख केंद्र के रूप में, गार काउंटी
पारिस्थितिक कृषि औद्योगिक पार्क 2018 से काम कर रहा है। करीब 1,000 म्यू यानी 66.7
हेक्टेयर क्षेत्र में फैले इस पार्क में कई ग्रीनहाउस बनाए गए हैं। यहां सब्जियों, फलों और खाद्य
कवक समेत 30 से अधिक तरह की फसलें उगाई जाती हैं। यह नगारी क्षेत्र का सबसे बड़ा उच्च
ऊंचाई वाला फल और सब्जी उत्पादन केंद्र है। वर्ष 2024 में इसे स्वायत्त प्रदेश स्तर के कृषि विज्ञान
और प्रौद्योगिकी पार्क का दर्जा भी दिया गया।
इसी बीच, कृषि विशेषज्ञों की मदद से पार्क ने कम तापमान, तेज पराबैंगनी विकिरण और कम
पाला मुक्त अवधि जैसी कई मुश्किलों का सामना करते हुए बिना मिट्टी के खेती की तकनीक को
बढ़ावा दिया है। गर्मियों में यहां पैदा होने वाले फल और सब्जियां स्थानीय मांग का 40 प्रतिशत
तक पूरा कर सकती हैं। इससे स्थानीय बाजार में आपूर्ति बढ़ी है और कीमतों को स्थिर रखने में भी
मदद मिली है।
इसके अलावा, पार्क "कंपनी + सहकारी समिति + किसान व चरवाहा" मॉडल के जरिए स्थानीय
लोगों को कृषि उत्पादन से जोड़ रहा है। इस मॉडल के तहत अब तक 500 से अधिक लोगों को
प्रशिक्षण दिया गया है और 30 से अधिक स्थानीय तकनीकी कर्मचारियों को तैयार किया गया है।
साथ ही, 1,000 से अधिक रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं और 40 लाख युआन से अधिक का वेतन
वितरित किया गया है। इस तरह नगारी में फल और सब्जी उद्योग न केवल स्थानीय लोगों के
लिए ताजी और सस्ती खाद्य सामग्री उपलब्ध करा रहा है, बल्कि उनकी आय बढ़ाने और
आजीविका को बेहतर बनाने में भी अहम भूमिका निभा रहा है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)