राष्ट्रीय दिवस की छुट्टी के दौरान चीन विदेशी पर्यटकों के लिए एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल बन
रहा है। बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक खुले चीन की सांस्कृतिक विविधता और विकास की जीवंत
तस्वीर देखने के लिए यहां पहुंच रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार, इस साल की पहली छमाही में विदेशी
लोगों ने 2 करोड़ 29 लाख 14 हजार बार चीन का दौरा किया, जो पिछले साल की इसी अवधि की
तुलना में दोगुना है। इनमें वीज़ा-मुक्त नीति के तहत चीन आने वाले विदेशी लोगों की संख्या में
30.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
इसी बीच, चाइना मीडिया ग्रुप (सीएमजी) के अधीन चाइना ग्लोबल टेलीविज़न नेटवर्क
(सीजीटीएन) ने हाल ही में दुनिया भर के नेटीजनों के बीच एक सर्वेक्षण किया। इसमें शामिल
92.8 प्रतिशत उत्तरदाताओं का मानना है कि सोशल मीडिया पर चीन के पर्यटन से जुड़े विषयों से
लोगों को चीन के बारे में जानकारी मिलती है और यहां घूमने की रुचि बढ़ती है। वहीं, 87 प्रतिशत
उत्तरदाताओं ने कहा कि खुद चीन की यात्रा करना देश की संस्कृति, समाज और विकास की
स्थिति को व्यापक और वास्तविक रूप से समझने में मदद करता है।
विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए चीन ने हाल के वर्षों में वीज़ा और सीमा पार
आवागमन से जुड़ी नीतियों में लगातार सुधार किया है। 240 घंटे की वीज़ा-मुक्त पारगमन नीति
में शामिल देशों की संख्या अब 57 हो गई है। वहीं, हाईनान में 30 दिन की वीज़ा-मुक्त प्रवेश
नीति का लाभ उठाने वाले देशों की संख्या बढ़कर 61 हो गई है। इन नीतियों के चलते इस साल
की पहली छमाही में विदेशी लोगों ने 1 करोड़ 78 लाख 15 हजार बार वीज़ा-मुक्त प्रवेश किया।
यह चीन आने वाले कुल विदेशी लोगों की संख्या का 77.7 प्रतिशत है।
इसके अलावा, सर्वेक्षण में शामिल 91.8 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने कहा कि चीन की वीज़ा नीतियों
से विदेशी लोगों की चीन यात्रा में रुचि बढ़ी है। वहीं, 89.5 प्रतिशत नेटीजनों का मानना है कि
चीन खुले रवैये के साथ दुनिया के साथ विकास के लाभ साझा कर रहा है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)