दक्षिण चीन के क्वांगतोंग प्रांत की राजधानी क्वांगचो में 140वां चीन आयात-निर्यात मेला यानी
कैंटन मेला शुरू हो गया है। इस साल यह मेला अपनी 70वीं वर्षगांठ भी मना रहा है। चाइना मीडिया
ग्रुप (CMG) के अधीन चाइना ग्लोबल टेलीविजन नेटवर्क (CGTN) की ओर से दुनिया भर के
इंटरनेट उपयोगकर्ताओं के बीच किए गए एक सर्वेक्षण में 85.1 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने माना कि
कैंटन मेले का लगातार आयोजन चीन के उच्च-स्तरीय खुलेपन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
साथ ही, इससे समावेशी वैश्विक आर्थिक विकास को भी नई गति मिलती है।
इस साल के मेले में पहली बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और बिग डेटा जैसी आधुनिक
तकनीकों का इस्तेमाल प्रदर्शनी की पूरी प्रक्रिया में किया गया है। इसके तहत 22 स्मार्ट एप्लिकेशन
परिदृश्य और 16 एआई-आधारित एप्लिकेशन पेश किए गए हैं। सर्वेक्षण में 84.1 प्रतिशत लोगों का
मानना है कि कैंटन मेला अब पारंपरिक व्यापार मंच से आगे बढ़कर स्मार्ट प्रदर्शनी सेवाओं के एक
आधुनिक मंच में बदल रहा है।
इसके अलावा, इस बार मेले में नए उत्पादों को पेश करने के लिए पहली बार एक अलग प्रदर्शनी क्षेत्र
बनाया गया है। यहां 700 से अधिक नए उत्पाद लॉन्च कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जो पिछले
सत्र की तुलना में 15 प्रतिशत अधिक हैं। सर्वेक्षण में 83 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने कहा कि यह बदलाव
चीन के विदेशी व्यापार में केवल कारोबार का आकार बढ़ाने के बजाय उत्पादों की गुणवत्ता और
प्रतिस्पर्धात्मकता सुधारने पर बढ़ते जोर को दर्शाता है। वहीं, 85.6 प्रतिशत लोगों का मानना है कि
चीन में विकसित स्मार्ट उत्पाद वैश्विक डिजिटल अर्थव्यवस्था और बुद्धिमान अर्थव्यवस्था के
विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इस सत्र के कैंटन मेले में व्यापार से जुड़ी सेवाओं के लिए 9 क्षेत्र बनाए गए हैं। पहली बार इन क्षेत्रों में
उत्पादक सेवा उद्योग की सभी 10 प्रमुख श्रेणियों को शामिल किया गया है। सर्वेक्षण में 84.5
प्रतिशत उत्तरदाताओं ने माना कि व्यापार और सेवाओं को एक साथ जोड़ने वाली इस व्यवस्था से
कंपनियों और उनके उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ी है।
इसी क्रम में, इस बार मेले में पहली बार खरीदार गठबंधन भी बनाया गया है। सर्वेक्षण में 83.9
प्रतिशत लोगों ने कहा कि इस गठबंधन से दुनिया भर के खरीदारों के लिए खरीद प्रक्रिया अधिक
कुशल हो सकती है। वहीं, 88.8 प्रतिशत उत्तरदाताओं का मानना है कि कैंटन मेले की सेवाओं और
उत्पादों में लगातार हो रहे सुधार से वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला के प्रबंधन में चीन का प्रभाव बढ़ा है।
वैश्विक बाजार में उतार-चढ़ाव और जटिल भू-राजनीतिक परिस्थितियों के बावजूद, कैंटन मेले ने
दुनिया भर के कारोबारियों के लिए अपने दरवाजे खुले रखे हैं। पिछले सत्र में 220 देशों और क्षेत्रों से 3
लाख 14 हजार विदेशी खरीदार पहुंचे थे। इस दौरान निर्यात सौदों का अनुमानित मूल्य 25.7 अरब
अमेरिकी डॉलर रहा। वहीं, मौजूदा सत्र के शुरू होने से पहले ही 196 देशों और क्षेत्रों के 2 लाख 10
हजार से अधिक खरीदार पंजीकरण करा चुके थे।
सर्वेक्षण में 87.2 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने कहा कि कैंटन मेला अंतरराष्ट्रीय समुदाय को चीन के
विशाल बाजार के अवसरों का लाभ उठाने का महत्वपूर्ण मौका देता है। इसके अलावा, 77.2 प्रतिशत
लोगों ने सभी देशों से बहुपक्षीय व्यापार व्यवस्था की रक्षा करने और वैश्विक औद्योगिक तथा
आपूर्ति श्रृंखलाओं को स्थिर बनाए रखने के लिए चीन के साथ मिलकर काम करने की अपील की।
गौरतलब है कि यह सर्वेक्षण CGTN के अंग्रेजी, स्पेनिश, फ्रेंच, अरबी और रूसी भाषा के प्लेटफॉर्म
पर जारी किया गया था। इसे 24 घंटे के भीतर दुनिया भर के 4,498 इंटरनेट उपयोगकर्ताओं ने पूरा
किया।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)