Corona BF7 china variant omicron: कोरोना के खतरे को देखते हुए और चीन में मची भारी तबाही के बाद अब भारत में केंद्र के साथ-साथ राज्यों सरकारों ने भी एहतियात बरतने शुरू कर दिए हैं। चीन, जापान और अमेरिका जैसे देशों में कोरोना के मामलों में तेजी देखी गई है। इसके बाद भारत सरकार भी सतर्क है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने बुधवार यानी 21 दिसंबर को कोविड (को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। इसी दौरान उन्होंने कई दिशा-निर्देश भी जारी किए।
- चीन में कोविड के वैरिएंट से कहर बरपा
- उसके चार मामले भारत में भी
- दो गुजरात और दो ओडिशा से मिले थे
- स्वास्थ्य मंत्री ने दिए जरूरी दिशा-निर्देश
सब वेरिएंट बीएफ.7 के 4 मामले भारत में भी सामने आए हैं। गुजरात और ओडिशा से ये मामले मिले थे। हालांकि, इनमें से दो मरीज पूरी तरह से ठीक हो गए हैं। इन मरीजों का होम आइसोलेशन में इलाज किया गया और पूरी तरह से ठीक हो गए। बढ़ते खतरे को देखते हुए दिल्ली, यूपी, बिहार, कर्नाटक, अरुणाचल सहित कई राज्यों ने चौकसी बढ़ा दी है।
केंद्र सरकार ने चिट्टी भेजी
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को सभी राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों की सरकारों को एक पत्र भेजा था। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने राहुल गांधी को भी एक पत्र लिखा और उनसे भारत जोड़ो यात्रा में कोविड 19 के संपूर्ण प्रोटोकॉल का पालन करने या फिर यात्रा स्थगित करने का अनुरोध किया था।
राज्यों को कोविड-19 के प्रकोप में किसी भी संभावित वृद्धि के लिए कमर कसने और वायरस के वैरिएंट को ट्रैक करने के लिए सभी पॉजिटिव मामलों के नमूनों को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजने का निर्देश दिया गया था।
केजरीवाल करेंगे बैठक
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कोविड-19 स्थिति के मद्देनजर तैयारियों की समीक्षा के लिए गुरुवार यानी 22 दिसंबर को एक आपात बैठक बुलाई है। केजरीवाल ने स्वास्थ्य विभाग को जीनोम सैंपलिंग बढ़ाने का निर्देश दिया है। आपात बैठक में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और स्वास्थ्य विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे.
यूपी-बिहार में भी सरकार सतर्क
उत्तर प्रदेश सरकार ने सभी सीएमओ को चौकसी बढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं। एयरपोर्ट पर भी सतर्कता बढ़ाने को कहा है। यूपी सरकार ने कोरोना संक्रमण प्रभावित देश से आने वाले यात्रियों की जांच भी सख्ती से करने के निर्देश दिए हैं। बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि अभी बिहार में कोरोना के केवल 3 सक्रिय मामले हैं। कोरोना को लेकर बिहार सरकार प्रतिदिन रिपोर्ट भी जारी करती है।
बाकी राज्य भी सतर्क
कर्नाटक सरकार बेंगलुरु हवाई अड्डे पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की जांच शुरू करेगी। महाराष्ट्र में टास्क फोर्स का गठन होगा। राज्य सरकार स्थिति का अध्ययन करने के लिए एक कार्यबल बनाएगी। अरुणाचल, पश्चिम बंगाल आदि राज्यों में भी कोविड से निपटने के तरीकों पर काम शुरू है।





