कैंटन फेयर 2026 में दुनिया भर के कारोबारियों का जमावड़ा, 32 हजार से अधिक कंपनियां दिखा रहीं अपने उत्पाद और नई तकनीक

इस साल कैंटन फेयर का 140वां सत्र आयोजित किया जा रहा है। यह मेला 15 अक्टूबर से शुरू हुआ
और 4 नवंबर तक तीन चरणों में चलेगा।

चीन आज दुनिया के बड़े व्यापारिक देशों में शामिल है। उसके बनाए इलेक्ट्रॉनिक सामान, मशीनें,
घरेलू उत्पाद और औद्योगिक उपकरण दुनिया के कई देशों में इस्तेमाल होते हैं। चीन की इसी
व्यापारिक ताकत को समझने का एक बड़ा मौका है कैंटन फेयर 2026. चीन के क्वांग च्यो शहर में
आयोजित यह मेला दुनिया भर के कारोबारियों, खरीदारों और कंपनियों को एक मंच पर लाता है।
चीन के वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, इस बार मेले में 32,000 से अधिक कंपनियों के भाग लेने की
योजना है। इसका कुल प्रदर्शनी क्षेत्र लगभग 15.5 लाख वर्ग मीटर है। इतने बड़े स्तर पर आयोजित
होने वाला यह आयोजन चीन के विदेशी व्यापार और वैश्विक कारोबार के लिए काफी महत्वपूर्ण माना
जाता है

मेले का पहला चरण 15 से 19 अक्टूबर तक चला। इसमें आधुनिक विनिर्माण, इलेक्ट्रॉनिक्स, घरेलू
उपकरण, औद्योगिक मशीनें, रोबोट, नई ऊर्जा वाले वाहन और स्मार्ट मोबिलिटी जैसे क्षेत्रों पर
विशेष ध्यान दिया गया।

आयोजकों के आंकड़ों के अनुसार, पहले चरण में 214 देशों और क्षेत्रों से 1.89 लाख विदेशी खरीदार
पहुंचे। यह संख्या पिछले वसंत सत्र के पहले चरण की तुलना में 13.3 प्रतिशत अधिक थी। इस चरण
में 12,000 से अधिक चीनी कंपनियों ने अपने उत्पाद पेश किए।
इस बार खास बात यह रही कि खरीदार केवल पारंपरिक सामान देखने नहीं पहुंचे, बल्कि नई
तकनीक और स्मार्ट उत्पादों में भी उनकी दिलचस्पी दिखाई दी। औद्योगिक मशीनों से लेकर कृत्रिम
बुद्धिमत्ता यानी एआई से जुड़े उपकरणों तक, कंपनियों ने अपने नए उत्पादों के जरिए अंतरराष्ट्रीय
बाजार में जगह बनाने की कोशिश की।

कैंटन फेयर का दूसरा चरण 23 से 27 अक्टूबर तक आयोजित किया गया। इसका मुख्य विषय घर
और रोजमर्रा के जीवन से जुड़े बेहतर उत्पाद हैं। इसमें फर्नीचर, रसोई के सामान, घरेलू उपयोग की
वस्तुएं, सजावटी सामान, उपहार, निर्माण सामग्री और बाथरूम से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे
हैं। 23 अक्टूबर को दूसरे चरण की शुरुआत के मौके पर पारंपरिक चीनी यिंगगे नृत्य का प्रदर्शन भी

किया गया। इससे मेले में व्यापार के साथ चीन की संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। इस चरण
में करीब 11,000 कंपनियां भाग ले रही हैं और लगभग 23.76 लाख उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं।
इनमें 24.2 प्रतिशत नए उत्पाद, 26.9 प्रतिशत हरित उत्पाद और 25 प्रतिशत ऐसे उत्पाद हैं, जिनके
बौद्धिक संपदा अधिकार संबंधित कंपनियों के पास हैं।

इसके अलावा, 27 देशों और क्षेत्रों की 213 कंपनियों ने आयात प्रदर्शनी में भाग लिया। यहां रसोई के
सामान, घरेलू उत्पाद और उपहार जैसी चीजें भी प्रदर्शित की गईं।

26 अक्टूबर को मेले में कारोबार के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों पर भी ध्यान दिया गया।
आयोजकों की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, दूसरे चरण में पारंपरिक चीनी शेर नृत्य और
यिंगगे नृत्य जैसे कार्यक्रमों के जरिए विदेशी खरीदारों का स्वागत किया गया।

अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के लिए पारंपरिक चीनी चिकित्सा से जुड़ा अनुभव प्राप्त करने की व्यवस्था भी
की गई। सम्मेलन केंद्र में 25 पारंपरिक चीनी चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम ने खरीदारों को
एक्यूपंक्चर, हर्बल चाय और पारंपरिक स्वास्थ्य पद्धतियों से परिचित कराया।

इस पहल का उद्देश्य केवल उत्पाद खरीदने और बेचने तक सीमित नहीं था। इसके जरिए विदेशी
मेहमानों को चीन की संस्कृति और पारंपरिक ज्ञान से भी परिचित कराने की कोशिश की गई। इस
तरह कैंटन फेयर कारोबार के साथ सांस्कृतिक मेलजोल का मंच भी बनता दिखाई दिया।

कैंटन फेयर की खासियत यह है कि यहां खरीदार एक ही जगह पर अलग-अलग कंपनियों के उत्पाद
देख सकते हैं, कीमतों की तुलना कर सकते हैं और सीधे कारोबार की संभावनाएं तलाश सकते हैं।
इससे कंपनियों को नए बाजार मिल सकते हैं और खरीदारों को अपनी जरूरत के मुताबिक सामान
चुनने का मौका मिलता है।
कैंटन फेयर का तीसरा चरण 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक चलेगा। इसमें खिलौने, बच्चों के उत्पाद,
कपड़े, जूते, बैग, घरेलू कपड़ा, चिकित्सा उपकरण, स्वास्थ्य उत्पाद और खेल से जुड़ी वस्तुओं पर
ध्यान दिया जाएगा।

कुल मिलाकर, कैंटन फेयर 2026 चीन की औद्योगिक क्षमता, नए उत्पादों और अंतरराष्ट्रीय
व्यापार संबंधों की एक बड़ी तस्वीर पेश करता है। इस मेले की असली सफलता केवल वहां प्रदर्शित
उत्पादों की संख्या से नहीं, बल्कि इससे बनने वाले व्यापारिक संबंधों, नए बाजारों और लंबे समय
तक चलने वाले कारोबारी सहयोग से तय होगी।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग) (लेखक- डी के)

 

 

 

Exit mobile version