पत्तागोभी के कीड़े ने ली छात्रा की जान…टेपवर्म से दिमाग में बन गईं 20 गठानें……जानें क्या है टेपवर्म और कैसे फैलता है?

tapeworm caused 20 lumps in her brain

पत्तागोभी के कीड़े ने ली छात्रा की जान, दिमाग में बन गईं 20 गठानें
फास्ट फूड और टेपवर्म की खतरनाक सच्चाई

उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से सामने आई एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना ने फास्ट फूड की सुरक्षा और खानपान की आदतों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 18 वर्षीय छात्रा इल्मा नदीम की दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक, उसके दिमाग में 20 से ज्यादा सिस्ट (गांठें) पाई गईं, जो एक पैरासिटिक इन्फेक्शन के कारण बनी थीं। आशंका जताई जा रही है कि यह संक्रमण फास्ट फूड में इस्तेमाल की गई पत्तागोभी के जरिए हुआ, जिसमें टेपवर्म के अंडे मौजूद हो सकते थे।

फास्ट फूड के बाद बिगड़ी तबीयत

परिजनों के अनुसार, इल्मा एक महीने पहले टाइफाइड से पीड़ित हुई थी। इसके बाद उसकी सेहत लगातार गिरती चली गई। सिरदर्द, चक्कर और कमजोरी की शिकायत बढ़ने लगी। हालत गंभीर होने पर उसे नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां CT स्कैन और MRI जांच कराई गई। रिपोर्ट देखकर डॉक्टर भी हैरान रह गए। इल्मा के दिमाग में 20 से 25 सिस्ट पाए गए, जो आमतौर पर न्यूरोसिस्टीसर्कोसिस नामक बीमारी में देखे जाते हैं।

डॉक्टरों ने परिजनों को बताया कि यह स्थिति पैरासिटिक इन्फेक्शन की वजह से हो सकती है, जो दूषित भोजन, खासकर कच्ची या ठीक से साफ न की गई सब्जियों से शरीर में प्रवेश करता है। हालत बिगड़ने पर इल्मा को दिल्ली के RML अस्पताल रेफर किया गया, जहां नौ दिनों तक इलाज चला। सर्जरी भी की गई, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

अमरोहा में दूसरी मौत ने बढ़ाई चिंता

यह मामला अकेला नहीं है। दिसंबर 2025 में अमरोहा की ही एक और छात्रा की फास्ट फूड खाने से मौत हो चुकी है। 11वीं कक्षा की छात्रा अहाना को गंभीर हालत में दिल्ली के AIIMS में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के मुताबिक, अत्यधिक फास्ट फूड सेवन के कारण उसकी आंतें ब्लॉक हो गई थीं और डाइजेस्टिव सिस्टम पूरी तरह खराब हो चुका था। सर्जरी के बाद भी उसकी जान नहीं बच सकी। परिवार का कहना था कि अहाना घर के खाने की जगह नियमित रूप से पिज्जा, चाउमीन और बर्गर खाती थी।

इन दो घटनाओं ने फास्ट फूड की आदतों और उससे जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों पर गंभीर बहस छेड़ दी है।

फास्ट फूड कितना खतरनाक?

क्लिनिकल न्यूट्रिशनिस्ट डॉ. विवेक गुप्ता के अनुसार, फास्ट फूड देखने में भले ही स्वादिष्ट और सुविधाजनक लगे, लेकिन इसका नियमित सेवन शरीर के लिए बेहद नुकसानदायक है। जंक फूड में कैलोरी, ट्रांस फैट, नमक और चीनी की मात्रा बहुत अधिक होती है, जबकि फाइबर, विटामिन और मिनरल जैसे जरूरी पोषक तत्व बेहद कम होते हैं।

डॉ. गुप्ता बताती हैं कि लगातार फास्ट फूड खाने से मोटापा, डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, दिल की बीमारियां और पाचन संबंधी समस्याएं बढ़ती हैं। इतना ही नहीं, इसका असर दिमाग पर भी पड़ता है। ट्रांस फैट और अत्यधिक चीनी याददाश्त कमजोर कर सकते हैं और फैसले लेने की क्षमता को प्रभावित करते हैं। लंबे समय तक इसका सेवन डिमेंशिया जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ा सकता है। ग्लोबल बर्डन ऑफ डिजीज रिपोर्ट के अनुसार, अस्वस्थ खानपान और फास्ट फूड से जुड़ी बीमारियों के कारण हर साल दुनिया भर में लगभग 1.1 करोड़ लोगों की मौत होती है।

टेपवर्म क्या है और कैसे फैलता है?

टेपवर्म एक तरह का परजीवी (पैरासाइट) होता है, जो दूषित भोजन या पानी के जरिए शरीर में प्रवेश कर सकता है। आमतौर पर इसके अंडे गंदी मिट्टी, दूषित पानी या अस्वच्छ हैंडलिंग के कारण सब्जियों तक पहुंच जाते हैं। पत्तागोभी, फूलगोभी और अन्य पत्तेदार सब्जियों की घनी परतों में ये अंडे छिप सकते हैं।

अगर ऐसी सब्जियों को ठीक से धोया या अच्छी तरह पकाया न जाए, तो टेपवर्म के अंडे शरीर में चले जाते हैं। ये पहले आंतों में विकसित होते हैं और फिर खून के जरिए दिमाग तक पहुंच सकते हैं। वहां सिस्ट बन जाते हैं, जिसे न्यूरोसिस्टीसर्कोसिस कहा जाता है। इस बीमारी में सिरदर्द, उल्टी, चक्कर, मिर्गी जैसे दौरे और गंभीर न्यूरोलॉजिकल समस्याएं हो सकती हैं, जो जानलेवा भी साबित हो सकती हैं।

सब्जियां कैसे खाएं सुरक्षित?

विशेषज्ञों का कहना है कि पत्तागोभी और फूलगोभी जैसी सब्जियों को कच्चा खाने से बचना चाहिए। इन्हें काटने से पहले अलग-अलग पत्तियां निकालकर अच्छी तरह बहते पानी में धोना जरूरी है। नमक या हल्के सिरके वाले पानी में कुछ देर भिगोकर रखना भी फायदेमंद हो सकता है। इसके बाद इन्हें अच्छी तरह पकाकर ही सेवन करना चाहिए।

सबक और सावधानी

इल्मा और अहाना की मौत केवल दो परिवारों का दुख नहीं, बल्कि समाज के लिए एक चेतावनी है। स्वाद और सुविधा के चक्कर में खानपान की गुणवत्ता से समझौता करना जानलेवा साबित हो सकता है। विशेषज्ञों की सलाह है कि घर का ताजा, साफ और संतुलित भोजन ही सबसे सुरक्षित विकल्प है। बाहर का खाना कभी-कभार और सीमित मात्रा में ही खाना चाहिए। बदलते लाइफस्टाइल में थोड़ी सी सावधानी कई जिंदगियों को बचा सकती है।

Exit mobile version