केंद्रीय बजट 2026 में सरकार ने महंगाई से जूझ रहे आम नागरिक को सीधी राहत देने की कोशिश की है। इलाज, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऊर्जा, निर्यात, विदेश यात्रा और एविएशन जैसे कई अहम सेक्टर में टैक्स में कटौती की गई है। इन फैसलों का असर सीधे लोगों की जेब पर पड़ेगा और आने वाले समय में कई जरूरी चीजें सस्ती हो सकती हैं।
इलाज होगा सस्ता कैंसर और दुर्लभ बीमारियों की दवाओं पर टैक्स खत्म
सरकार ने कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली 17 जरूरी दवाओं से बेसिक कस्टम ड्यूटी पूरी तरह हटा दी है। इसके साथ ही 7 दुर्लभ बीमारियों के इलाज में लगने वाली विदेशी दवाओं और स्पेशल न्यूट्रिशन फूड को भी टैक्स फ्री कर दिया गया है। इससे महंगे इलाज का बोझ झेल रहे परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
घरेलू सामान और इलेक्ट्रॉनिक्स होंगे किफायती
मेक इन इंडिया को बढ़ावा देने के लिए माइक्रोवेव ओवन के कुछ खास पुर्जों पर कस्टम ड्यूटी घटाई गई है। इससे देश में मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलेगा और माइक्रोवेव ओवन की कीमतों में कमी आने की उम्मीद है। सरकार भारत को कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स का बड़ा केंद्र बनाना चाहती है।
EV और सोलर सेक्टर को बूस्ट: बैटरी और पैनल बनाना होगा सस्ता
ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देते हुए लिथियम-आयन बैटरी से जुड़ी मशीनों और बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम के कच्चे माल को टैक्स फ्री कर दिया गया है। वहीं सोलर ग्लास बनाने में इस्तेमाल होने वाले ‘सोडियम एंटीमोनेट’ पर भी ड्यूटी हटा दी गई है, जिससे सोलर पैनल की लागत घटेगी।
जूते, कपड़े और सी-फूड की कीमतों पर असर
निर्यात बढ़ाने के लिए सी-फूड सेक्टर में ड्यूटी फ्री इनपुट की सीमा 1% से बढ़ाकर 3% कर दी गई है। इसके अलावा लेदर, सिंथेटिक जूते और शू अपर के एक्सपोर्ट पर टैक्स छूट दी गई है। इससे उत्पादन लागत घटेगी और घरेलू बाजार में कीमतें स्थिर या कम हो सकती हैं।
विदेश यात्रा और हवाई सफर होगा सस्ता
अब विदेश घूमने वालों को भी राहत मिलेगी। टूर पैकेज पर लगने वाला TCS घटाकर 2% कर दिया गया है, पहले यह 5% से 20% तक था। वहीं एयरक्राफ्ट पार्ट्स और मेंटेनेंस से जुड़े कच्चे माल पर कस्टम ड्यूटी हटने से हवाई सफर भी सस्ता होने की उम्मीद है।




