Bihar Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनावों के लिए बीएसपी ने भी बिगुल बजा दिया है। बहुजन समाज पार्टी के नेशनल कोऑर्डिनेटर और बिहार चुनाव के प्रभारी आकाश आनंद पटना पहुंचे। आकाश आनंद पटना में छत्रपति शाहू जी महाराज की जयंती समारोह में भाग लेने पहुंचे। छत्रपति शाहू जी महाराज के जयंती कार्यक्रम में आकाश आनंद मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। इस मौके पर उन्होंने छत्रपति शाहू जी महाराज को सामाजिक क्रांति का अग्रदूत बताया। आकाश आनंद ने कहा, “शाहू जी वे पहले शासक थे, जिन्होंने 50 प्रतिशत आरक्षण लागू कर दलितों और पिछड़ों को समाज में सम्मान दिलाया। उन्होंने जातिवाद, अंधविश्वास और महिला विरोधी सोच के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी।” आकाश आनंद ने यह भी कहा कि शाहू जी महाराज ने बाबा साहब की पढ़ाई का खर्च उठाया था। आज बिहार को ऐसे ही शासकों की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अब बिहार में मायावती मॉडल की जरूरत है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि बिहार में बीएसपी अकेले चुनावी मैदान में उतरेगी। गौरतलब है कि बिहार में साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार बिहार के दौरे कर रहे हैं। इसी बीच आकाश आनंद ने इस कार्यक्रम के ज़रिए बीएसपी की ओर से भी चुनावी बिगुल फूंक दिया है।




