जन्माष्टमी का उत्साह, मथुरा समेत देशभर में कृष्ण मंदिरों में लगी श्रद्धालुओं की भीड़
मथुरा सहित देशभर में आज सोमवार 26 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। हालांकि वृन्दावन में जन्माष्टमी कल मंगलवार 27 अगस्त को मनाई जाएगी। भगवान श्री कृष्ण का यह 5251वां जन्मोत्सव है। जानकारों और ज्योतिषियों का मानना है कि इस बार की जन्माष्टमी पर 45 मिनट द्वापर युग जैसा ही संयोग बन रहा है। यह काफी शुभ माना जा रहा है। जन्माष्टमी पर देशभर में श्री कृष्ण के मंदिरों और चौक-चौहारों पर भव्य उत्सव के लिए साज सज्जा की गई है। उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर विशेष भस्म आरती का आयोजन किया गया।
जम्मू-कश्मीर और हरियाणा विधानसभा, BJP आज जारी कर सकती है प्रत्याशियों की पहली सूची
जम्मू-कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही सियासी दलों की सक्रियता और बढ़ गई है। भारतीय जनता पार्टी BJP ने भी चुनाव को लेकर कमर कस ली है। इस चुनाव में जीत के लिए सीनियर नेता रणनीति बनाने में जुटे हैं। इसी बीच रविवार की रात बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में पार्टी के शीर्ष नेताओं की बैठक हुई। जिसमें कई बड़े फैसले लिए गए। पार्टी ने तय किया गया कि जम्मू कश्मीर में टॉप लीडर्स करीब आठ चुनावी रैलियां करेंगे। इसके अलावा चुनाव में किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करने का भी फैसला लिया है। घाटी की उन विधानसभा सीटों पर मजबूत निर्दलीय प्रत्याशियों का समर्थन करेगी जहां पार्टी अपने प्रत्याशी नहीं उतार रही है। माना जा रहा है कि जम्मू कश्मीर को लेकर आज प्रत्याशियों के नाम की पहली सूची जारी हो सकती है।
MP, गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट
भारत मौसम विभाग ने सोमवार को एमपी,राजस्थान, महाराष्ट्र और गुजरात में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी मध्यप्रदेश और उससे लगे पूर्वी राजस्थान पर दबाव का क्षेत्र अधिक दबाव वाले क्षेत्र में बदल गया है। जिसके चलते आने वाले दो से तीन दिन में इन दोनों ही राज्यों के अतिरिक्त गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा के कुछ हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है।
BSP की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक कल, मायावती फिर से चुनीं जा सकती हैं राष्ट्रीय अध्यक्ष
बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती ने पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की अहम बैठक बुलाई है। माना जा रहा है कि इस अहम बैठक में मायावती जहां जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन करेंगी वहीं यूपी की 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भी रणनीति पर मंथन करेंगी। मायावती ने मंगलवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में बीएसपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है। चुनावी रणनीति पर मंथन के साथ ही बैठक में मायावती को एक बार फिर से पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जा सकता है। बता दें मायावती 18 सितंबर 2003 से लगातार बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनी जा रही हैं।