पीएम मोदी के पौलेंड दौरे का दूसरा दिन
पीएम नरेंद्र मोदी दो दिनी पोलैंड के दौरे पर हैं। पिछले 45 साल में भारत के किसी प्रधानमंत्री का यह पहला पोलैंड दौरा है। यात्रा के पहले दिन उन्होंने नवानगर के जाम साहब स्मारक और कोल्हापुर महाराज के स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद में पीएम ने भारतीय समुदाय को संबोधित किया। यात्रा के दूसरे दिन आज गुरुवार 22 अगस्त को पीएम मोदी पोलैंड के राष्ट्रपति आंद्रेज डूडा और प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क से मुलाकात करने वाले हैं। पोलैंड के प्रधानमंत्री के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठक भी होगी। इसके साथ ही पीएम मोदी राष्ट्रपति डूडा के साथ भी द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। पोलैंड में बिजनेस लीडर्स के साथ-साथ पीएम मोदी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ भी बातचीत में हिस्सा लेंगे।
एअर इंडिया के विमान में बम की धमकी से हड़कंप
मुंबई से तिरुवनंतपुरम पहुंची एअर इंडिया की फ्लाइट AI 657 में बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट सूत्रों की माने तो धमकी के बाद यहां हवाई अड्डे पर पूरी तरह से इमरजेंसी लगा दी गई। सुरक्षा के इंतजाम के बाद फ्लाइट को यहां एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। फिलहाल फ्लाइट को आइसोलेशन बे में रखा है। विमान में सवार 135 यात्रियों और चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित है। जांच अधिकारी विमान का निरीक्षण कर रहे हैं।
चंपई के लिए भाजपा ने दरवाजे,हाईकमान ने भी दी हरी झंडी
झारखंड के पूर्व सीएम चंपई सोरेन ने झामुमो से बगावत का बिगुल फूंक दिया है। वहीं दूसरी ओर भाजपा की नजर भी सोरेन पर है। सोरेन को पार्टी में लाने के लिए केंद्रीय नेतृत्व ने हरी झंडी दे दी है। बता दें पिछले दिनों चंपई सोरेन ने अपना रुख बदलते हुए कहा था कि वे राजनीति से संन्यास नहीं ले रहे हैं। एक नया और अलग रास्ता अपनाने के लिए वे तैयार हैं। जल्द ही वे इस रास्ते की घोषणा करेंगे। इस बीच कोल्हान में झारखंड के पूर्व सीएम चंपई सोरेन के आने से पार्टी को मिलने वाले लाभ का आकलन भाजपा कर रही है। माना जा रहा है कि पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा की सभा में राज्य के पूर्व सीएम चंपई सोरेन की ज्वाइनिंग कराने की योजना बनाई जा रही है।
JPC की पहली मीटिंग आज,वक्फ बिल पर होगा मंथन
वक्फ संशोधन बिल 2024 को लेकर जॉइंट पार्लियामेंट्री कमेटी JPC गठित की गई है। जिसकी आज गुरुवार 22 अगस्त को पहली बैठक होने जा रही है। बैठक की अध्यक्षता बीजेपी सांसद जगदंबिका पाल करेंगे। दिल्ली स्थित संसद भवन एनेक्सी में आज बैठक होगी। यह समिति वक्फ बिल पर आज मंथन करेगी। इसके बाद संसद के अगले सत्र पहले हफ्ते के अंतिम दिन तक केन्द्र सरकार को समिति अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
ED के खिलाफ कांग्रेस का देशव्यापी प्रदर्शन, ईडी दफ्तर का करेगी घेराव
कांग्रेस पिछले कई दिनों से हिंडनबर्ग रिपोर्ट पर संयुक्त संसदीय समिति जेपीसी से जांच कराए जाने की मांग कर रही है। इस मांग को लेकर अब वह संसद से सड़क पर आने को तैयार है। कांग्रेस आज बृहस्पतिवार को देश भर में अपनी इसी मांग को लेकर प्रदर्शन करेगी।





