पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 108वें एपिसोड का प्रसारण आज,असम के दौरे पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह,कोहरे के आगोश में उत्तर भारत

breaking news today

पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 108वें एपिसोड का प्रसारण आज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 108वें एपिसोड का प्रसारण आज रविवार 31 दिसंबर को होगा। मन की बात को आकाशवाणी सहित अन्य प्लेटफॉर्म पर भी सुना जा सकता है।
बता दें ‘मन की बात’ कार्यक्रम करीब 22 भारतीय भाषाओं के साथ 29 बोलियों और 11 विदेशी भाषाओं में प्रसारित ​किया जाता है। विदेशी भाषाओं में चीनी, इंडोनेशियाई, फ्रेंच, तिब्बती, बर्मी, बलूची, अरबी, पश्तू, फारसी सहित अन्य विदेशी भाषा शामिल हैंं। मन की बात का यह कार्यक्रम आकाशवाणी के करीब 500 से अधिक केंद्रों से प्रसारित किया जाता है। पीएम मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 100 एपिसोड 30 अप्रैल 2023 को पूरे हुए थे। इस ऐतिहासिक क्षण को यादगार बनाने के लिए देशभर में कार्यक्रम की लाइव स्क्रीनिंग भी की गई थी। इतना ही नहीं न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में भी पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 100वें एपिसोड का सीधा प्रसारण किया गया था।

असम के दौरे पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार 31 दिसंबर को असम के तेजपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह वहां तेजपुर यूनिवर्सिटी के 21वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। रक्षा मंत्री ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने इस असम दौरे की जानकारी दी और बताया कि वे तेजपुर यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह के दौरान वहां विद्यार्थियोंं से बातचीत करेंगे।

फिर तेज हुई रुस और यूक्रेन के बीच जंग

रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग एक बार फिर तेज हो गई है। पिछले दिनों रूस ने यूक्रेन पर जमकर बमबारी की थी। जिसका जवाब देते हुए यूक्रेन सेना ने भी रुस के इलाकों में बमबारी की। जिसमें दो बच्चों समेत 20 लोगों के मारे जाने की सूचना है। रूसी अधिकारियों की ओर से बताया गया है कि यूक्रेन की उत्तरी सीमा से जुड़े शहर बेलगोरोद पर यूक्रेनी सेना ने बमबारी की जिससे 111 लोग घायल भी हुए हैं। शहर पर यूक्रेन का ये अब तक का सबसे बड़ा हमला था।

कोहरे के आगोश में उत्तर भारत के कई राज्य

देश में उत्तर भारत के राज्यों में इन दिनों शीतलहर और कोहरे का कहर देखने को मिल रहा है। इस सीज़न में पहली बार विजिबिलिटी जीरो दर्ज की गई। उत्तर भारत के कई राज्य घने कोहरे की चपेट में हैं। मौसम विभाग के अनुसार यूपी के लखनऊ, वाराणसी, बरेली, झांसी, बहराइच और प्रयागराज ज़िले में विजिबिलिटी जीरो तक पहुंच गई है।

प्रत्याशी को बनाया CM भजनलाल ने मंत्री तो बिफरी कांग्रेस

राजस्थान में शनिवार को बीजेपी की भजनलाल सरकार के मंत्रिमंडल का गठन हो गया। जिसमें 22 मंत्रियों को शपथ दिलाई गई। लेकिन इससे कांग्रेस खफा है। दरअसल इनमें श्रीकरनपुर से प्रत्याशी सुरेंद्र पाल सिंह टीटी भी शामिल हैं। क्योंकि सुरेंद्र पाल के शपथ लेने को कांग्रेस ने चुनावी आचार संहिता का उल्लंघन करार दिया है। दरअसल श्रीकरनपुर विधानसभा सीट पर 5 जनवरी को मतदान होना हैं। इसके पहले उन्हें मंत्री बनाए जाने पर कांग्रेस बिफर गई है। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि वे इसकी शिकायत चुनाव आयोग से तो करेंगे ही संभव हुआ तो कोर्ट में भी सरकार को घसीटेंगे।

Exit mobile version