ब्रेकिंग न्यूज अपडेट: ममता के गढ़ में पीएम मोदी के दौरे का दूसरा दिन, भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज मप्र में करेगी प्रवेश,योगी कैबिनेट का विस्तार आज संभव

breaking news

ममता के गढ़ में पीएम मोदी के दौरे का दूसरा दिन, 15 हजार करोड़ की देंगे आज सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं। वे आज शनिवार 2 मार्च को राज्य के नादिया जिले में स्थित कृष्णानगर में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी रेल के साथ बिजली और सड़क से जुड़ी करीब 15 हजार करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। बताया जाता है कि इन प्रोजेक्ट का उद्देश्य राज्य में ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत करने के साथ परिवहन के बुनियादी ढांचे में भी सुधार करना है। बता दें पीएम मोदी दो दिन के दौरे पर शुक्रवार 1 मार्च को पश्चिम बंगाल पहुंचे थे। पहले दिन पीएम ने हुगली के आरामबाग में जनसभा को संबोधित किया था। इसके बाद कोलकाता स्थित राजभवन में प्रधानमंत्री मोदी और राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बीच शिष्टाचार मुलाकात हुई थी। पीएम से मुलाकात के बाद सीएम ममता बनर्जी ने कहा था कि यह एक प्रोटोकॉल शिष्टाचार मुलाकात थी। वे किसी भी राजनीतिक मसले पर यहां चर्चा करने नहीं पहुंची थी।

पीएम 6 मार्च को फिर जाएंगे पश्चिम बंगाल

पीएम नरेंद्र मोदी 6 मार्च को एक बार फिर पश्चिम बंगाल के दौरे पर जा सकते हैं। पीएम मोदी राज्य के नॉर्थ 24 परगना जिले में स्थित संदेशखाली जा सकते हैं। जहां वे यौन उत्पीड़न की शिकार महिलाओं से मिलकर उनसे बात कर सकते हैं। दरअसल पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने पिछले दिनों को इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि पीएम नरेन्द्र मोदी 6 मार्च को राज्य के नॉर्थ 24 परगना जिले में स्थित बारासात में महिला रैली को संबोधित करने वाले हैं। साथ ही उन्होंने कहा था कि अगर संदेशखाली की पीड़िताएं पीएम मोदी से मिलने की इच्छा जताएंगी तो पार्टी उनकी इस मुलाकात का इंतजाम करेगी।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज मप्र में करेगी प्रवेश

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज शनिवार 2 मार्च को मध्य प्रदेश में प्रवेश करने जा रही है। राहुल गांधी की यात्रा को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने मुरैना में डेरा डाल रखा है। पूर्व सीएम कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के साथ नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत कांग्रेस के कई छोटे-बड़े नेता और पदाधिकारी इस यात्रा में शामिल होंगे। मप्र कांग्रेस कमेटी ने यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर कई कमेटियां बनाई हैं। जिनका प्रभार पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को दिया गया है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा शनिवार को राजस्थान के धौलपुर से मुरैना के रास्ते मप्र में प्रवेश करेगी। भारत जोड़ो न्याय यात्रा में पांच दिन मध्यप्रदेश में रहेगी। इस दौरान मध्य प्रदेश की सात लोकसभा सीट और नौ जिले के साथ 54 विधानसभा क्षेत्र को यात्रा कवर करेगी। लोकसभा चुनाव की दृष्टि से राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को एमपी कांग्रेस खासी महत्वपूर्ण मान रही है। राहुल की यात्रा मुरैना के बाद ग्वालियर और रतलाम होते हुए देवास, गुना इसके बाद राजगढ़ और अंत में उज्जैन सीटों को कवर करेगी।

आम चुनाव से पहले राजस्थान बीजेपी की नई टीम तैयारी

लोकसभा चुनाव से पहले राजस्थान बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष ने अपनी नई टीम तैयार कर ली है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सी पी जोशी ने शुक्रवार देर रात नई टीम का ऐलान कर दिया है। जिसमें प्रदेश उपाध्यक्ष रहे श्रवण सिंह बगड़ी सहित विधायक जितेन्द्र गोठवाल पार्टी का प्रदेश महामंत्री बनाए गए है। सीपी जोशी के निर्देश पर निकाली गई इस सूची में दस उपाध्यक्ष के साथ पांच महामंत्री और 13 प्रदेश मंत्री है तो एक कोषाध्यक्ष और एक सह कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। जोशी ने अपनी नई टीम में सांसद और विधायकों को भी जगहदी है। भजनलाल शर्मा और दीया कुमारी के सरकार में जाने के बाद से ही संगठन में महामंत्री के दो पद रिक्त चल रहे थे।

योगी कैबिनेट का विस्तार आज संभव

उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की कैबिनेट का विस्तार आज शनिवार 2 मार्च को हो सकता है। दरअसल सीएम योगी आदित्यनाथ ने कल शुक्रवार को अचानक राज्यपाल से मुलाकात की थी। सूत्र बताते हैं कि यह मुलाकात कैबिनटे विस्तार को लेकर थी। माना जा रहा है कि सुभासपा के ओम प्रकाश राजभर समेत पांच विधायक आज मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है।

Exit mobile version