ब्रेकिंग न्यूज अपटेड:पहली विदेश यात्रा पर रवाना हुईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू,भारत दौरे पर अमेरिकी रक्षा सचिव, भुवनेश्वर पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया

breaking news

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सूरीनाम और सर्बिया के दौरे पर हुईं रवाना

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सूरीनाम और सर्बिया की यात्रा पर रवाना हो गईं हैं। वे चार से नौ जून तक विभिन्न राजकीय कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। बता दें पिछले साल जुलाई में राष्ट्रपति का पद संभालने के बाद यह उनकी पहली राजकीय यात्रा होगी। विदेश मंत्रालय ने बताया कि पहले चरण में राष्ट्रपति सूरीनाम गणराज्य के राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी के निमंत्रण पर चार से छह जून तक पारामारिबो में रहेंगी। वहीं यात्रा के दूसरे चरण में राष्ट्रपति मुर्मू 7 से 9 जून तक सर्बिया की यात्रा पर होंगी। इससे पहले 5 जून को राष्ट्रपति मुर्मू सूरीनाम में भारतीयों के आगमन की 150वीं वर्षगांठ के समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। साथ ही राष्ट्रपति सूरीनाम के अपने समकक्ष संतोखी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। द्रोपदी मुर्मू ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के स्थानों का भी दौरा करेंगी। इस दौरान उनके भारतीय समुदाय के सदस्यों और प्रवासियों के साथ बातचीत का भी कार्यक्रम है।

भुवनेश्वर पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया भुवनेश्वर पहुंच गए हैं। मनसुख मांडविया AIIMS का दौरा करेंगे। जहां रेल हादसों के घायलों से मुलाकात करेंगे और पीड़ितों को प्रदान की जा रही चिकित्सा सहायता का जायजा लेने के लिए एम्स भुवनेश्वर और कटक में मेडिकल कॉलेज का दौरा करेंगे। बता दें बहनगा बाजार स्टेशन पर ट्रेनों के पटरी से उतरने के कारण पलटे सभी 21 डिब्बों को हटा लिया गया है। अब साइट को क्लियर किया जा रहा है। इसके अलावा तीन वैगन और इंजन को भी जल्द हटा लिया जाएगा।

प्रियंका चतुर्वेदी ने खड़े किये सरकार पर सवाल

ओडिशा के बालासोर में दर्दनाक ट्रेन हादसे के बाद अब सियासत जारी है। हादसे में 288 लोगों की मौत और 900 से ज्यादा लोगों के घायल हुए हैं। इस हादसे को लेकर विपक्षी पार्टियां रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव पर इस्तीफा देने का दबाव बना रही हैं। इस बीच शिवसेना यूबीटी सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने केन्द्र सरकार पर सवाल खड़े करते हुए गुजरात के मोरबी पुल का संदर्भ दिया और कहा कि जल्द ही यह भी एक्ट ऑफ गॉड यानी ‘ईश्वर का कार्य’ हो जाएगा।

दो दिनी भारत दौरे पर अमेरिकी रक्षा सचिव

अमेरिकी रक्षा सचिव दो दिन के दौरे पर भारत आ रहे हैं। भारत और अमेरिका के बीच डिफेंस सहयोग मजबूत करने पर चर्चा होगी। बता दें अमेरिकी रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन रविवार को दो दिवसीय दौरे के लिए भारत पहुंचेंगे। यह ऑस्टिन की दूसरी भारत यात्रा है। इस दौरान वह रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस दौरान बदलते विश्व परिदृश्य में रक्षा संबंधी विषयों पर चर्चा करेंगे। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 6 जून को जर्मनी की रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियस के साथ भी द्विपक्षीय वार्ता करने वाले हैं।

बीजेपी सांसद बृजभूषण के खिलाफ सामने आए गवाह

भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह पर लगे यौन शोषण के आरोपों को लेकर दिल्ली पुलिस ने पूछताछ की है।। इस मामले में चार गवाहों ने बृजभूषण पर लगे आरोपों की पुष्टि की है। इनमें ओलिंपियन, कॉमनवेल्थ गोल्ड मेडलिस्ट, इंटरनेशनल रेफरी और स्टेट लेवल कोच शामिल हैं। ये सभी उन 125 गवाहों में शामिल हैं। जिन्हें इस केस में शामिल किया गया है। वहीं केंद्र सरकार की ओर से पहलवानों से बातचीत के लिए चार मंत्रियों की कमेटी बनाई जा रही है। इसमें केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, एक महिला मंत्री के अलावा दो और मंत्री शामिल होंगे। ​​​​​​

14 फिक्स डोज कॉम्बिनेशन यानी FDC दवाओं की बिक्री पर प्रतिबंध

केंद्र सरकार ने 14 फिक्स डोज कॉम्बिनेशन यानी FDC दवाओं की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है। केन्द्र सरकार ने जिन दवाओं पर प्रतिबंध लगाया है उनमें पैरासिटामोल डिस्पर्सिबल टेबलेट के साथ क्लोरफेनिरामाइन मेलेट और निमेसुलाइड सहित कुल 14 दवाएं शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जानकारी दी गई है जिसमें कहा है कि इन सभी दवाओं के चलते होने वाले नुकसान का पता नहीं लग पाता है। लोगों के लिए ये सभी दवाएं रिस्क पैदा कर सकती हैं।

दिल्ली में बारिश, 5 प्रदेशों में हीटवेव का अलर्ट

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली एनसीआर में रविवार सुबह कई इलाकों में हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। वहीं देश के 13 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही 5 प्रदेशों में 7 जून तक हीटवेव की चेतावनी है। मौसम विभाग की माने तो पश्चिमी विक्षोभ समेत तीन सिस्टम सक्रिय हैं, जिसकी वजह से 7 जून तक एक दर्जन से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश के साथ आंधी-वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया गया। वहीं दिल्ली, उत्तराखंड, यूपी, हिमाचल, केरल, कर्नाटक,तमिलनाडु के कई क्षेत्रों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। तो मेघालय,असम, नागालैंड,मणिपुर, मिजोरम में भी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने उड़ीसा, बिहार, झारखंड, तेलंगाना पश्चिम बंगाल में हीटवेव की चेतावनी जारी की है।

Exit mobile version