ब्रेकिंग न्यूज अपटेड:पीएम मोदी देंगे ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम में जीत का मंत्र,पांच वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात,अब सामने आएगा ‘बस्तर’ का सच

breaking news today

पीएम मोदी देंगे ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम में जीत का मंत्र

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भोपाल से चुनावी आगाज करेंगे। वे मध्यप्रदेश ही नहीं राजस्थान और छत्तीसगढ़ चुनाव के साथ ही साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी के कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देंगे। मेरा बूथ सबसे मजबूत अभियान के तहत 543 लोकसभाओं के 10 लाख और मध्यप्रदेश के 64100 बूथ के कार्यकर्ताओं को डिजिटली मार्गदर्शन देंगे। यहां सभी राज्यों के विधानसभा क्षेत्रों से 3 हजार कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि यहां से चुनाव अभियान की शुरुआत हो जाएगी। पीएम नरेंद्र मोदी बीजेपी कार्यकर्ताओं को बूथ विजय का मंत्र देंगे।

भोपाल से पांच वंदे भारत एक्सप्रेस की देंगे सौगात

पीएम नरेंद्र मोदी भोपाल के दौरे पर हैं। पीएम भोपाल में एक साथ पांच वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इस तरह भारतीय रेलवे के बेडे़ में आज पांच नई वंदे भारत एक्सप्रेस जुड़ेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को इन पांचों ट्रेनों को वर्चुअली हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें दो मध्य प्रदेश, एक दक्षिण भारत, एक बिहार से शुरू की जाएगी। जबकि एक ट्रेन मुंबई गोवा के बीच चलेगी। मध्य प्रदेश को मंगलवार को दो नई वंदे भारत एक्सप्रेस मिलेंगी। जो भोपाल जबलपुर इंदौर के बीच कनेक्टिविटी में सुधार करेंगी। दिलचस्प बात यह है कि यह राज्य की दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस होगी। भोपाल-जबलपुर रूट पर एक और वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलेगी। वहीं दिल्ली भोपाल वंदे भारत एक्सप्रेस आगरा के आसपास के कुछ सेक्शन पर अधिकतम 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

पीएम नरेंद्र मोदी आज मंगलवार 27 जून को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दौरे पर हैं। ऐसे में बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन और मोतीलाल नेहरू स्टेडियम के आसपास तीन किलोमीटर तक एरिया को रेड जोन घोषित किया गया है। इन तीनों जगहों पर किसी भी तरह के पैराग्लाइडर और ड्रोन के साथ हॉट बलून अन्य फ्लाइंग ऑब्जेक्ट उड़ाने पर रोक लगा दी गई है। भोपाल पुलिस कमिश्नरेट की ओर से जारी आदेश के मुताबिक इस आदेश का पालन नहीं करने पर की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

द केरला स्टोरी के बाद अब सामने आएगा ‘बस्तर’ का सच, अप्रैल 2024 में रिलीज होगी फिल्म ‘बस्तर’

फिल्म द केरला स्टोरी के निर्माता की नजर अब छत्तीसगढ़ के बस्तर पर है वे बस्तर पर फिल्म बना रहे हैं। मुंबई स्थित प्रोडक्शन हाउस ने इंटरनेट मीडिया पर फिल्म का आधिकारिक लोगो पोस्टर भी लांच कर दिया है। पोस्टर में जंगल, रायफल, धुंआ और नक्सल झंडा दिखाई दे रहा है। पोस्टर पर लिखा गया है छिपा हुआ सच जो देश में तूफान लेकर आएगा। इसके नीचे बस्तर लिखा है। निर्माताओं ने घोषणा की है कि यह फिल्म अगले साल 5 अप्रैल 2024 को रिलीज की जाएगी। फिल्म का नाम बस्तर होगा।

मानसूनी बारिश, पानी-पानी हुई दिल्ली

दिल्ली एनसीआर में घने बादल छाए हुए हैं। बीती रात से रुक रुक कर बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक आज मंगलवार को भी राष्ट्रीय राजधानी में बारिश होने की संभावना है। वहीं मॉनसून की पहली बारिश ने ही मुंबई से लेकर हिमाचल प्रदेश तक हाहाकार मचा दिया है। हिमाचल में भूस्खलन के चलते कई सड़कें बंद हो गईं, जिसके चलते लोग घंटों तक रास्ते में ही फंसे रहे। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक 27 जून को दिल्ली एनसीआर में बादल छाए रहेंगे और मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है।

Exit mobile version