ब्रेकिंग न्यूज अपडेट:संसद का मानसून सत्र आज से, सत्र में होगी I.N.D.I.A की एकजुटता की परीक्षा,हादसा देखने जुटे लोगों को जगुआर ने रौंदा,9 की मौत,रायगढ़ में लैंडस्लाइड,

breaking news today

संसद का मानसून सत्र आज से, सत्र में होगी I.N.D.I.A की एकजुटता की परीक्षा

संसद का मॉनसून सत्र आज गुरुवार से प्रारंभ हो रहा है। 11 अगस्त तक चलने वाले इस सत्र में भी हंगामा होने के आसार हैं। सत्र में मणिपुर हिंसा के साथ ही दिल्ली अध्यादेश का मुद्दा छाए रहने की संभावना है। केन्द्र सरकार को घेरने के लिए विपक्ष की ओर से इन मुद्दों को उठाने की तैयारी की गई है। यह सत्र 26 विपक्षी दलों के गठबंधन यानी I.N.D.I.A की भी पहली परीक्षा माना जा रहा है। ऐसे में देखना होगा कि कैसे विपक्ष एकजुट होकर सरकार को घेरते हैं।

अहमदाबाद में हादसा देखने जुटे लोगों को जगुआर ने रौंदा,9 की मौत

अहमदाबाद के इस्कॉन ब्रिज पर सड़क हादसे के देखने जुटे लोगों को नहीं मालूम था कि मौत उनका भी पीछा कर रही है। यहां लगी भीड़ को एक तेज रफ्तार जगुआर ने रौंद दिया। जिससे 9 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में पुलिस के दो कांस्टेबल भी शामिल है। जो उस वक्त वहां घायलों की मदद के लिए पहुंचे थे। बता दें यहां पहले थार और डम्पर के बीच हादसा हुआ था। जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। इसी दौरान जगुआर कार ने इन लोगों को कुचल दिया।

रायगढ़ में लैंडस्लाइड,सीएम शिंदे पहुंचे इरशालबाड़ी, रेस्क्यू जारी

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के खालापुर स्थित इरशालवाड़ी गांव में भारी लैंडस्लाइड हो गया। जिसके चलते 50 परिवार के फंस गए। वहीं चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में रेस्क्यू ऑपरेशन का कर्मचारी भी शामिल है। जिसकी दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। इस बीच एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरु किया। वहां लैंडस्लाइड की सूचना मिलते ही सीएम एकनाथ शिंदे भी तत्काल मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू आपरेशन जारी है।

श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे दो दिनी भारत दौरे पर

श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे दो दिनों की यात्रा पर भारत आ रहे हैं। रानिल विक्रमसिंघे 21 जुलाई तक भारत दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान विक्रमसिंघे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ मुलाकात करेंगे। उनका यह आधिकारिक दौरा द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने और मजबूत करने के उद्देश्य से हो रहा है। यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब दोनों देश इस साल राजनयिक संबंधों की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं।

यूपी में अग्निवीर भर्ती रैलियां आज से शुरू

उत्तर प्रदेश में 20 जुलाई, 2023 से 16 जनवरी, 2024 तक की अवधि में छह स्थानों पर सेना भर्ती रैली होगी। 16 जनवरी, 2024 तक की अवधि में प्रदेश के फतेहगढ, बड़ौत, लखनऊ, आगरा, अमेठी एवं गोरखपुर में अग्निवीर योजना के अन्तर्गत सेना भर्ती रैली का आयोजन किया जायेगा। भर्ती रैली के दौरान कांवड़ यात्रा भी प्रारम्भ हो रही है। लिहाजा सम्बन्धित जिलों में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए है।

Exit mobile version