ब्रेकिंग न्यूज अपडेट: सेंट्रल मैक्सिको के तट पर भूकंप,बिपरजॉय ने किया राजस्थान से मप्र-उप्र का रुख,चीनी दौरे पर अमेरिकी विदेश मंत्री,शिवसेना के दोनों गुट मना रहे स्थापना दिवस

breaking news today

चक्रवाती तूफान बिपरजॉय ने किया राजस्थान से मप्र-उप्र का रुख

अरब सागर से उठे चक्रवाती तूफान बिपरजॉय ने राजस्थान में भी जमकर कहर बरपाया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 12 घंटों में इसके राजस्थान के नॉर्थ-नॉर्थ ईस्ट की ओर बढ़ने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक डॉ.मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि चक्रवात के चलते सिर्फ गुजरात और राजस्थान में बारिश हो रही है। तूफान के चलते रेगिस्तानी इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। कई घरों में 5 फीट तक पानी भर गया। अरब सागर से उठा यह तूफान कम दबाव के क्षेत्र में बदलकर आज सोमवार को ग्वालियर से होकर गुजरेगा। ग्वालियर होते हुए दक्षिण उत्तर प्रदेश का रुख करेगा। इसके चलते भोपाल संभाग के राजगढ़ समेत कुछ इलाकों और ग्वालियर चंबल संभाग में कहीं-कहीं अच्छी बारिश होने की संभावना है।

चीनी दौरे पर अमेरिकी विदेश मंत्री ब्लिंकन, कर सकते हैं चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग से मुलाकात

अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन चीन के दो दिनी प्रवास पर हैं। इस दौरान उन्होंने राजधानी बीजिंग में कई वरिष्ठ चीनी अधिकारियों से मुलाकात की। उम्मीद जताई जा रही है कि वे अपनी यात्रा के अंतिम दिन आज सोमवार 19 जून को चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से भी मुलाकात कर सकते हैं। बता दें पांच साल बाद अमेरिका का कोई विदेश मंत्री चीन दौरे पर पहुंचा है।

सेंट्रल मैक्सिको के तट पर लगे भूकंप के झटके, 6.3 तीव्रता मापी गई

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी की रिपोर्ट के अनुसार सेंट्रल मैक्सिको के तट पर 6.3 की तीव्रता का भूकंप आया। ये भूकंप 19 जून सोमवार को भारतीय समयानुसार रात 2 बजे महसूस किया गया। भूकंप की गहराई करीब 10 किमी थी। वहीं इसका केंद्र सेंट्रल मैक्सिको का ऑफ कोस्ट बताया जा रहा है। बता दें मेक्सिको में भूकंप की गतिविधियां होना आम है। दरअसल मेक्सिको में कई सक्रिय ज्वालामुखियों का घर है। पिछले 25 मई को भी मेक्सिको में भूकंप के तेज झटके महसूस किये गये थे।हालांकि भूकंप के कारण कोई नुकसान नहीं हुआ था।

राहुल गांधी का जन्मदिन, कांग्रेस मुख्यालय पर लगे बधाई वाले पोस्टर

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का आज जन्मदिन है। इस मौके पर दिल्ली में एआईसीसी मुख्यालय के बाहर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई देने वाले पोस्टर लगाए गए हैं। आज सोमवार 19 जून को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का जन्मदिन है। पार्टी के युवा संगठन यूथ कांग्रेस ने राहुल के जन्मदिन पर ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की यादों को ताजा करने के रूप में मनाने का फैसला किया है। यूथ कांग्रेस अध्यक्ष बी वी श्रीनिवास ने कहा राहुल गांधी के जन्मदिन पर यूथ कांग्रेस दिल्ली के अपने हेड क्वार्टर में एक एग्जिबिशन का आयोजन कर रही है। वहीं यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता 5 किमी लंबी भारत जोड़ो यात्रा भी निकालने जा रहे हैं।

शिंदे और उद्धव दोनों गुट मनाएंगे शिवसेना का स्थापना दिवस

19 जून को शिवसेना के स्थापना दिवस पर महाराष्ट्र में कई कार्यक्रम आयोजित किये गये हैं। इस बार खासबात ये है कि महाराष्ट्र में शिवसेना के दो गुट एकनाथ शिंदे गुट और उद्धव ठाकरे गुट मुंबई में अलग-अलग जगह पर आयोजन कर रहे हैं। शिंदे और उद्धव दोनों ही गुट बाल ठाकरे की राजनीतिक विचारधारा के असली उत्तराधिकारी होने का दावा कर रहे हैं। ऐसे में स्थापना दिवस पर दोनों गुट की ओर से बयानबाजी हो सकती है। दरअसल ये दोनों गुट अगले साल के लोकसभा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के साथ ही मुंबई में BMC चुनाव की तैयारी में जुटे हैं।

Exit mobile version