ब्रेकिंग न्यूज अपडेट: चंद्रयान 3 की और कम होगी लैंडर की चंद्रमा से दूरी,ब्रिक्स समिट में शामिल होेंगे पीएम मोदी,सीएम योगी का अयोध्या का दौरा आज

breaking news today

चंद्रयान 3 आज रात कम होगी लैंडर की चंद्रमा से दूरी

इसरो की ओर से आज रात करीब 2 बजे चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर को डीबूस्टिंग के जरिए चंद्रमा के और अधिक करीब लाया जाएगा। डीबूस्टिंग यानी स्पेसक्राफ्ट की गति को धीमी करना है। इस ऑपरेशन के बाद लैंडर की चंद्रमा से न्यूनतम दूरी केवल 30 किलोमीटर और अधिकतम दूरी महज 100 किमी रह जाने की उम्मीद है। बता दें सबसे कम दूरी से ही 23 अगस्त को शाम 5 बजकर 47 मिनट पर सॉफ्ट लैंडिंग का प्रयास किया जाएगा। 23 अगस्त को लैंडिंग में समस्या आने की स्थिति में एक महीने बाद फिर इसका प्रयास किया जाएगा। क्योंकि चंद्रयान-3 को लैंडिंग के लिए अगली सुबह का इंतजार करना होगा। यह वहां 28 दिन बाद होगी।

ब्रिक्स समिट में शामिल होेंगे पीएम नरेन्द्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15वें ब्रिक्स समिट में शामिल होने के लिए 22 से 24 अगस्त तक दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग के दौरे पर रहेंगे। वहीं चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी ब्रिक्स के समिट में हिस्सा लेंगे। दरअसल ब्रिक्स समूह में भारत के अलावा चीन, रूस, दक्षिण अफ्रीका और ब्राजील है। विदेश मंत्रालय की ओर से मिली जानकारी के अनुसार पीएम मोदी इसके बाद शुक्रवार 25 अगस्त को ग्रीस के दौरे पर प्रधानमंत्री किरियोकोस मित्सोटाकिस के निमंत्रण पर जाएंगे। बता दें भारत के कोई प्रधानमंत्री की 40 साल बाद ग्रीस की यात्रा है। पिछले 40 साल के दौरान भारत की ओर से कोई प्रधानमंत्री ग्रीस की यात्रा पर रहीं गया।

सीएम योगी आदित्यनाथ का अयोध्या का दौरा आज

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार 19 अगस्त को अयोध्या दौरे पर हैं। अयोध्या में सीएम योगी भगवान श्री राम के दर्शन-पूजन और भ्रमण का कार्यक्रम तय है। सीएम योगी सुबह 11 बजे हेलीकॉप्टर से अयोध्या पहुंचेंगे। इसके बाद यहां भगवान राम के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। भव्य राम मंदिर के निर्माण कार्यों का जायजा लेंगे। इसके बाद उनके कई और अन्य कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं, जिनमें उन्हें हिस्सा लेना है।

21 को शपथ लेंगे राज्यसभा सदस्य

राज्यसभा के नौ सदस्य 21 अगस्त को एल्डर्स हाउस में शपथ लेंगे। जिनमें चार फिर से निर्वाचित हुए है तो पांच नवनिर्वाचित हैं। ये सदस्य तृणमूल कांग्रेस के डोला सेन, डेरेक ओ’ ब्रिन,सुखेंदु शेखर रे,समीरुल इस्लाम और प्रकाश चिक बड़ाईक साथ ही भाजपा के केसरीदेवसिंह,नागेंद्र ,रे दिग्विजयसिंह झाला, बाबूभाई जेसंगभाई देसाई और विदेश मंत्री एस. जयशंकर शामिल हैं। बता दें भाजपा से जयशंकर और तृणमूल कांग्रेस के तीन सदस्य – सुखेंदु शेखर रे, डेरेक ओ’ब्रायन और डोला सेन को राज्यसभा के लिए फिर से चुना गया है।

एशिया कप के लिए सोमवार को होगा टीम इंडिया का चयन

एशिया कप 2023 की शुरुआत 30 अगस्त से होने जा रही है। भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से अपने अभियान की शुरूआत करेगी। भारत और पाकिस्तान के बीच ये मुकाबला 2 सितंबर को खेला जाएगा। हालांकि इससे पहले टीम इंडिया के मैनेजमेंट के लिए टीम का चयन करना आसान नहीं होगा। जानकारी के अनुसार एशिया कप के लिए भारतीय टीम का चयन सोमवार 21 अगस्त को होना है।

बृजभूषण सिंह से जुड़े यौन शोषण मामले पर दिल्ली कोर्ट में सुनवाई आज

भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष सांसद बृजभूषण सिंह से जुड़े यौन शोषण मामले में दिल्ली की कोर्ट में आज सुनवाई होना है। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने मेट्रोपोलिटन अदालत को बताया कि महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न के मामले में डब्ल्यूएफआई के निवर्तमान प्रमुख और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर मुकदमा चलाने के लिए पर्याप्त सबूत हैं। शहर पुलिस ने अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट हरजीत सिंह जसपाल को बताया कि सिंह और सह-आरोपी और निलंबित डब्ल्यूएफआई सहायक सचिव विनोद तोमर के खिलाफ “प्रथम दृष्टया” मामला बनता है। बता दें पहलवान बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक और विनेश फोगाट समेत कई पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह पर यौन शोषण के आरोप लगाए हैं। बीजेपी सांसद के खिलाफ 7 पहलवानों ने यौन शोषण के दो मुकदमे दर्ज कराए थे। इनमें एक केस नाबालिग पहलवान ने दर्ज कराया था। हालांकि वो बाद में अपने बयान से पलट गई।

Exit mobile version