दिल्ली में आज NDA का शक्ति प्रदर्शन, बैठक में शामिल होंगी 38 पार्टियां
दिल्ली में आज एक बार फिर NDA का शक्ति प्रदर्शन होने वाला है। बेंगलुरु के बाद दिल्ली में एनडीए की होने वाली इस बैठक में 38 पार्टियां शामिल हो सकती हैं। चिराग पासवान भी औपचारिक तौर पर NDA में शामिल हो सकते हैं। वहीं बीजेपी और एनडीए के खिलाफ रणनीति तैयार करने के लिए 26 विपक्षी दलों की दो दिवसीय बैठक का मंगलवार को दूसरा दिन है। बैठक के बाद सभी नेता एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे।
पीएम मोदी देंगे राजकोट को नए एयरपोर्ट की सौगात
पीएम नरेंद्र मोदी जुलाई के आखिर में गुजरात के दौरे पर रहेंगे। पीएम अपने दौरे में कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। पीएम मोदी सेमीकॉन इंडिया के दूसरे संस्करण की शुरुआत करेंगे। वे 28 और 29 जुलाई को गुजरात के दौरे पर रहते हुए दौरान कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। पीएमओ ने कहा कि पीएम 28 जुलाई को गुजरात के साबरकांठा के गंधोड़ा चौकी स्थित साबर डेयरी की 1 हजार करोड़ रुपये की कई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।
केरल के पूर्व सीएम ओमन चांडी का निधन
कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में शामिल केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमान चांडी का 79 साल की उम्र में निधन हो गया। केरल के पूर्व मुख्यमंत्री के निधन के बारे में उनके बेटे ने एक फेसबुक पोस्ट के जरिए बताया है। अपनी पोस्ट में उनके बेटे ने लिखा”अप्पा का निधन हो गया। बता दें ओमान चांडी की तबीयत काफी समय से ठीक नहीं चल रही थी। इसलिए वो इलाज के लिए बेंगलुरु में रह रहे थे। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ओमन चांडी, दो बार केरल के मुख्यमंत्री रहे. उनका निधन मंगलवार तड़के हुआ।
पुंछ में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में मारे चार आतंकवादी
जम्मू कश्मीर के पुंछ में सुरक्षाबलों ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। सुरक्षाबलों ने एनकाउंटर में चार आतंकियों को मार गिराया। बता दें आतंकियों और सुरक्षाबलों को सर्च ऑपरेशन के दौरान जानकारी मिली थी कि कुछ आतंकी सिंधरा इलाके में छिपे हुए हैं। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों ने साझा अभियान चलाकर 4 आतंकियों को ढेर कर दिया।
बारिश के लिहाज से भारी होंगे अगले पांच दिन
देशभर में भारी बारिश के चलते आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत में अगले पांच दिनों भी भारी बारिश से राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश आसमान से कहर बनकर बरस रही है और भूस्खलन और बाढ़ के बाद हालात बेकाबू हो गए हैं। दिल्ली में सोमवार को यमुना नदी का जलस्तर 205.94 मीटर दर्ज किया गया था जो खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर है।





