त्रिपुरा विधानसभा चुनाव,पीएम नरेन्द्र मोदी करेंगे प्रचार, 2 चुनावी रैली करेंगे संबोधित

Breaking News

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी त्रिपुरा में होने वाले विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए शनिवार 11 फरवरी को त्रिपुरा जाएंगे। यहां पीएम मोदी दो चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। यह चुनावी सभा त्रिपुरा के अंबासा और गोमती में होगी। राज्य में 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए 16 फरवरी को मतदान होना है। मुख्यमंत्री माणिक साहा, बीजेपी के राज्य चुनाव प्रभारी महेश शर्मा और पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य यहां महाराजा बीर बिक्रम (एमबीबी) एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री की अगवानी करेंगे। उन्होंने बताया कि मोदी धलाई जिले के अंबासा में दोपहर 12 बजे के आसपास पहली रैली को संबोधित करेंगे। इसके बाद दूसरी रैली को गोमती में अपराह्न तीन बजे संबोधित करने की संभावना है।

IPS प्रोबेशनर्स के 74 आरआर बैच की पासिंग आउट परेड, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हुए शामिल

हैदराबाद। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह यहां हैदराबाद में भारतीय पुलिस सेवा के परिवीक्षाधीन अधिकारियों की पासिंग आउट परेड में शामिल हुए। परेड सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में हुआ। एसवीपीएनपीए के निदेशक एएस राजन ने बताया कि दीक्षांत परेड में कुल 195 प्रशिक्षु अधिकारी मौजूद रहे। जिनमें से 29 प्रशिक्षु अधिकारी दूसरे देशों के हैं। केरल कैडर के आईपीएस प्रोबेशनर शहंशा केएस परेड का नेतृत्व किया। शहंशा फेज-1 बेसिक कोर्स के टॉपर हैं। औपचारिक मार्च पास्ट के बाद अमित शाह आईपीएस प्रोबेशनर्स को संबोधित किया।

तुर्की और सीरिया में भूकंप, मरने वालों की संख्या 24 हजार के पार,करीब एक लाख लोग घायल

तुर्की और सीरिया में आए विनाशकारी भूकंप ने तबाही मचा दी है। वहां अब तक 24 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं एक लाख से ज्यादा लोग घायल हैं। जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है। भूकंप के चलते तुर्की के अंटाक्या, सनलिउरफा और सीरिया का अलेप्पो शहर पूरी तरह से बर्बाद हो चुका है। भारत समेत दुनिया के कई देश तुर्की में रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं ताकि मलबे में दबी जिंदगियों को किसी तरह बचाया जा सके।

लालू प्रसाद यादव सफल किडनी ट्रांसप्लांट के बाद आज लौटेंगे भारत

RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव शनिवार 11 फरवरी को सिंगापुर से दिल्ली लौटेंगे। लालू यादव सिंगापुर से रात को दिल्ली के लिए रवाना होंगे और देर रात तक वे दिल्ली पहुंचेंगे। लालू के आने की जानकारी उनकी बेटी रोहिणी आचार्या ने शुक्रवार की रात ट्वीट कर के दी है। रोहिणी ने एक के बाद एक तीन ट्वीट किए हैं। उन्होंने पिता और अपने बेटे के साथ खुद की तस्वीर भी पोस्ट की है। उन्होंने लिखा है – आप सबसे एक जरूरी बात कहनी है। यह जरूरी बात हम सबों के नेता आदरणीय लालू जी के स्वास्थ्य को लेकर है। 11 फरवरी को पापा सिंगापुर से भारत आ रहे हैं।

असम में बाल विवाह,अब तक 2789 की गिरफ्तारी

असम में बाल विवाह के मामले में अब तक गिरफ्तारी किये गये लोगों की संख्या 2,789 हो चुकी है। राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने स्वयं ये जानकारी दी है। बता दें कैबिनेट ने बाल विवाह करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का प्रस्ताव पास किया था। इसके तहत 14 साल से कम उम्र के लड़का या लड़की से शादी करने के आरोपी पर पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही बाल विवाह कानून के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। इन मामलों में ज्यादातर आरोपी घर के मुखिया या अकेले कमाने वाले हैं। ऐसे में राज्यभर में असम पुलिस की कार्रवाई का विरोध हो रहा है। लेकिन सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कार्रवाई को सही ठहराते हुए कहा कि राज्य में पिछले साल 6.2 लाख से अधिक गर्भवती महिलाओं में 17 प्रतिशत नाबालिग थीं। दरअसल असम पिछले कई सालों से बाल विवाह की कुरीति से जूझ रहा है। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण की रिपोर्ट के अनुसार असम में मातृ और शिशु मृत्यु दर सबसे ज्यादा है। इसकी प्रमुख वजह बाल विवाह है।

Sid-Kiara के रिसेप्शन का कार्ड LEAK, रविवार को मुंबई के दोस्तों को देंगे सिद्धार्थ कियारा रिसेप्शन

बॉलीवुड अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा और अदाकारा कियारा आडवाणी की शादी इन दिनों चर्चा में है। अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा और अदाकारा कियारा आडवाणी 12 फरवरी के दिन मुंबई के दोस्तों को रिसेप्शन देंगे। जिसकी तैयारियां इन दिनों चल रही हैं। इंटरनेट पर इनका रिसेप्शन इनव्हाइट लीक भी हो गया है। जिसमें सभी को 12 तारीख सेव करने के लिए कहा गया है। बता दें सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी ने बीते दिनों दिल्ली में अपने रिश्तेदारों को रिसेप्शन दिया था। जिसमें कई लोग पहुंचे थे। इसके बाद अब ये दोनों मुंबई रिसेप्शन की तैयारियां कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि सिड-कियारा के मुंबई रिसेप्शन में कई बॉलीवुड हस्तियां पहुंचेंगी। जिनके स्वागत के लिए अडवाणी और मल्होत्रा परिवार तैयार हैं। सिद्धार्थ और कियारा का मुंबई रिसेप्शन इन दिनों जितना चर्चा में है, रिसेप्शन का कार्ड भी इन दिनों उतना ही खबरों में है।
सिद्धार्थ और कियारा के मुंबई रिसेप्शन का कार्ड इस वक्त इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहा है। यह कार्ड बेबी ब्लू रंग का है, जिस पर रिसेप्शन की डेट और टाइम लिखे हुए हैं। कार्ड पर बोल्ड अक्षरों में लिखा हुआ है कि आप सभी लोग रिसेप्शन की डेट सेव कर लीजिए।

Exit mobile version