नासिक: महाराष्ट्र के नासिक में शुक्रवार की अहले सुबह एक बड़ी सड़क दुर्घटना हो गयी। एक प्राइवेट लग्जरी बस की नासिक-सिन्नार रोड पर टक्कर हो गई। इसमें 10 लोगों की मौत हो गई और 40 अन्य घायल हो गए। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक बस में सवार सभी यात्री साईं बाबा के दर्शन करने शिरडी जा रहे थे।
मृतकों में 7 महिलाएं और 3 पुरुष हैं। घायलों को सिन्नार के ग्रामीण अस्पताल एवं यशवंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ गंभीर हैं। इस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतकों का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और घायलों के इलाज की व्यवस्था की।
यात्री ठाणे जिले के अंबरनाथ के रहने वाले थे और साईं बाबा के दर्शन करने जा रहे थे। दुर्घटना मुंबई से करीब 180 किलोमीटर दूर नासिक की सिन्नार तहसील में सुबह करीब सात बजे हुई। चश्मदीदों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि बस और ट्रक दोनों ही बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए।
इस हादसे में मौतों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।