भारतीय जनता पार्टी अब युवा और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं तक अपनी पहुंच बढ़ाने की तैयारी में जुट गई है। पार्टी ने Gen-Z Outreach Programme के जरिए नई पीढ़ी से सीधे संवाद स्थापित करने की योजना बनाई है। इस अभियान में युवाओं से रोजगार, शिक्षा, तकनीक, स्टार्टअप और भविष्य की संभावनाओं जैसे मुद्दों पर बातचीत की जाएगी। इसके लिए संगठन ने अनुभवी नेताओं के साथ युवा चेहरों को भी जिम्मेदारी दी है।

स्मृति ईरानी समेत कई बड़े नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी
पार्टी की ओर से तैयार की गई विशेष टीम में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े शामिल हैं। इसके अलावा गुजरात सरकार के मंत्री हर्ष सांघवी और छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी को भी टीम का हिस्सा बनाया गया है। अभियान का मकसद युवाओं की सोच और उनकी प्राथमिकताओं को समझकर पार्टी के साथ संवाद का नया रास्ता तैयार करना है।

पहली बार वोट देने वालों पर भी पार्टी की नजर
BJP का यह अभियान खास तौर पर उन युवाओं तक पहुंचने पर केंद्रित रहेगा, जो पहली बार मतदान करने जा रहे हैं। पार्टी विभिन्न कार्यक्रमों, चर्चाओं और संवाद के माध्यम से युवाओं से सीधे संपर्क करेगी। रोजगार के अवसर, डिजिटल तकनीक, शिक्षा और स्टार्टअप जैसे विषयों पर उनकी राय जानने की कोशिश की जाएगी।

नई राष्ट्रीय टीम में कई चेहरों को मिली जगह
नितिन नवीन की नई केंद्रीय टीम में विनोद तावड़े और सुनील बंसल को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी पर बरकरार रखा गया है। वहीं स्मृति ईरानी, बिप्लव कुमार देव और सतीश पूनिया को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को पार्टी का नया राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

संगठन में भी हुए कई अहम बदलाव
पार्टी ने आईटी विभाग में भी बदलाव किया है। अमित मालवीय की जगह छत्तीसगढ़ के दीपक म्हास्के को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं गुजरात के हेमांग जोशी को भाजपा युवा मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने तेजस्वी सूर्या की जगह ली है। पार्टी अब Gen-Z अभियान की विस्तृत रूपरेखा और देशव्यापी कार्यक्रमों की तारीखों का ऐलान कर सकती है।






