Bad Road Complaint: बिहार में टूटी सड़कों की अब होगी सीधी शिकायत, सरकार लाई खास मोबाइल ऐप

सड़कों की अब होगी सीधी शिकायत

गांवों की खराब सड़कें सिर्फ सफर को मुश्किल नहीं बनातीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी, बच्चों की पढ़ाई, मरीजों की आवाजाही और किसानों की उपज पर भी असर डालती हैं। बरसात के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाता है, कीचड़ फैल जाता है और धूल के कारण सांस लेना तक मुश्किल हो जाता है। वर्षों से ग्रामीण इलाकों के लोग इन समस्याओं से जूझ रहे थे, लेकिन अब बिहार सरकार ने तकनीक का सहारा लेकर समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। राज्य के ग्रामीण कार्य विभाग ने ‘हमारा बिहार हमारी सड़क’ नाम से एक खास मोबाइल ऐप लॉन्च किया है, जिससे आम नागरिक सीधे सरकार तक अपनी समस्या पहुंचा सकते हैं।

क्या है ‘हमारा बिहार हमारी सड़क’ ऐप

यह एक एंड्रॉयड आधारित मोबाइल एप्लिकेशन है, जिसे बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग ने तैयार किया है। इसका उद्देश्य ग्रामीण सड़कों से जुड़ी समस्याओं का तेजी से समाधान करना है। इस ऐप के जरिए कोई भी व्यक्ति अपने गांव, टोला या क्षेत्र की खराब सड़क की शिकायत सीधे विभाग को भेज सकता है। पहले जहां लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते थे, फाइलें अटक जाती थीं और शिकायतें अनसुनी रह जाती थीं, अब यह प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल हो गई है।

कैसे दर्ज करें शिकायत, जानिए पूरा तरीका

इस ऐप पर शिकायत दर्ज करना बेहद आसान रखा गया है। सबसे पहले यूजर को खराब सड़क की फोटो मोबाइल से खींचकर ऐप पर अपलोड करनी होगी। इसके बाद समस्या से जुड़ी छोटी-सी जानकारी लिखनी होगी। फिर जिला, प्रखंड या हल्का, पंचायत और गांव का चयन करना होगा। सारी जानकारी भरने के बाद शिकायत सबमिट की जाती है। खास बात यह है कि शिकायत दर्ज होते ही यूजर को एक ट्रैकिंग नंबर मिलता है, जिससे वह ऑनलाइन यह देख सकता है कि उसकी शिकायत पर क्या कार्रवाई हुई है।

अधिकारी तक सीधे पहुंचेगी शिकायत

इस सिस्टम का सबसे बड़ा फायदा यह है कि शिकायत सीधे संबंधित अधिकारी तक पहुंचती है। इससे बीच की देरी, लापरवाही और भ्रष्टाचार की गुंजाइश कम होती है। टूटी सड़क, गड्ढे, कीचड़, धूल या मरम्मत की जरूरत जैसी तमाम समस्याएं इस ऐप पर दर्ज कराई जा सकती हैं। सरकार का दावा है कि शिकायतों का समयबद्ध निपटारा किया जाएगा। ज्यादा जानकारी के लिए ग्रामीण कार्य विभाग की आधिकारिक वेबसाइट rwd.bihar.gov.in पर भी विजिट किया जा सकता है। यह पहल बिहार की ग्रामीण सड़क व्यवस्था सुधारने की दिशा में एक मजबूत और सराहनीय कदम मानी जा रही है।

 

 

 

 

Exit mobile version