बिहार चुनाव 2025: नीतीश ही होंगे चुनाव में एनडीए का चेहरा…जानें जीतनराम मांझी ने क्यों की अमित शाह से मुलाकात…नीतीश के नेतृत्व को लेकर क्या बोले मांझी
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख और केंद्रीय एमएसएमई मंत्री जीतन राम मांझी ने सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की रणनीति, एनडीए में सीट बंटवारा और गठबंधन की तैयारियों पर अहम चर्चा हुई।
NDA में सीट बंटवारे की समय-सीमा तय
मुलाकात के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए मांझी ने कहा कि एनडीए के नेता जून के अंत या जुलाई के पहले सप्ताह में बैठक कर सीटों के बंटवारे पर चर्चा करेंगे। उन्होंने बताया कि अभी तक हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा की ओर से सीटों की संख्या की कोई मांग नहीं रखी गई है, लेकिन सम्मानजनक भागीदारी की उम्मीद है।
नीतीश कुमार ही होंगे NDA के नेता
एनडीए के नेतृत्व पर मांझी ने स्पष्ट किया “इसमें कोई भ्रम नहीं है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही एनडीए बिहार चुनाव लड़ेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार एनडीए 225 सीटें जीतकर फिर से सरकार बनाएगा।
20 सूत्री कार्यक्रम में अनदेखी से नाराज मांझी
बैठक के दौरान मांझी ने 20 सूत्री कार्यक्रम में उनकी पार्टी की पिछली अनदेखी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा पिछली बार हमारी पार्टी को नजरअंदाज किया गया था। हमने अपनी नाराजगी जताई है। उन्होंने बताया कि भाजपा नेताओं संजय जायसवाल और दिलीप जायसवाल ने इस चूक को स्वीकार किया है और आश्वासन दिया है कि इस बार उनके सुझाव पर कुछ नाम जोड़े जाएंगे।…(प्रकाश कुमार पांडेय)