Bihar Assembly Elections 2025: पहले चरण की वोटिंग शुरू, 3.75 करोड़ मतदाता करेंगे किस्मत का फैसला

breaking news plat today

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में आज (गुरुवार, 6 नवंबर) सुबह सात बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। इस चरण में राज्य की 121 सीटों पर मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चुनाव कर रहे हैं। करीब 3.75 करोड़ मतदाता 1,314 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करने वाले हैं। पूरे प्रदेश में लोकतंत्र के इस पर्व को लेकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है।

तेजस्वी बनाम सम्राट चौधरी: राघोपुर में प्रतिष्ठा की लड़ाई
पहले चरण की सबसे हाई-प्रोफाइल सीटों में से एक राघोपुर में तेजस्वी यादव लगातार तीसरी जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान में हैं। उनके सामने भाजपा के सतीश कुमार हैं — वही सतीश कुमार जिन्होंने 2010 में तेजस्वी की मां राबड़ी देवी को हराया था।
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने पहले तेजस्वी के खिलाफ लड़ने का ऐलान किया था, लेकिन अब वे मैदान में नहीं हैं। उनकी पार्टी ने यहां से चंचल सिंह को उम्मीदवार बनाया है, जिससे मुकाबला दिलचस्प हो गया है।

पहले मतदान, फिर जलपान” — केंद्रीय मंत्री ललन सिंह का संदेश
केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने पटना में मतदान किया और कहा कि लोकतंत्र का यह महापर्व हर नागरिक के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने अपील की कि लोग पहले मतदान करें, फिर जलपान। ललन सिंह ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार मजबूती से लौटेगी।

डिप्टी सीएम विजय सिन्हा बोले — “बिहार को जंगलराज से मुक्ति मिलेगी”
लखीसराय में मतदान करने के बाद उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यह चुनाव बिहार के सम्मान की लड़ाई है। उन्होंने दावा किया कि लोग विकास, सुशासन और स्थिरता के पक्ष में मतदान कर रहे हैं। “हमने बिहार को जंगलराज से निकालकर प्रगति की राह पर लाया है, अब इस यात्रा को आगे बढ़ाना है,” उन्होंने कहा।

बांकीपुर में भाजपा प्रत्याशी नितिन नबीन ने भी डाला वोट
पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार नितिन नबीन ने सुबह मतदान किया। उन्होंने जनता से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में लोग मतदान करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा, “एक बेहतर और विकसित बिहार के लिए सबका वोट जरूरी है।

पीएम मोदी ने दिया संदेश — “लोकतंत्र का उत्सव है, बढ़-चढ़कर करें मतदान”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर मतदाताओं से अपील करते हुए कहा, “बिहार में आज लोकतंत्र के उत्सव का पहला चरण है। सभी मतदाता पूरे उत्साह से मतदान करें। मेरे युवा साथियों को विशेष बधाई — याद रखें, पहले मतदान, फिर जलपान!”

भागलपुर और अररिया में आज पीएम मोदी की दो जनसभाएं
पहले चरण के मतदान के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज भागलपुर और अररिया जिलों में दो जनसभाएं करेंगे। उनकी पहली रैली सुबह 11 बजे भागलपुर हवाई अड्डा मैदान में होगी, जिसमें भागलपुर, नवगछिया, मुंगेर और बांका जिलों के समर्थक शामिल होंगे। एक लाख से अधिक लोगों की भीड़ की उम्मीद जताई जा रही है।

राष्ट्रपति से मिलेगी महिला क्रिकेट टीम
आईसीसी वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेगी। टीम ने बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी से भी भेंट की थी। यह मुलाकात भारतीय महिला क्रिकेट के सुनहरे अध्याय को और भी खास बना देगी।

Exit mobile version