Bihar Election 2025: सीवान में पीएम मोदी का विपक्ष पर तीखा हमला….कहा ‘पंजे और लालटेन के शिकंजे’ ने बिहार को किया तबाह

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने बिहार दौरे के दौरान सीवान में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। जिसमें उन्होंने विपक्षी गठबंधन विशेषकर राजद-कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने बिहार की जनता को चेताते हुए कहा कि “पंजे और लालटेन के शिकंजे” से सावधान रहने की जरूरत है, जो एक बार फिर सत्ता में आने का सपना देख रहे हैं।

पीएम मोदी ने सीवान में की विशाल जनसभा
विपक्षी गठबंधन विशेषकर राजद-कांग्रेस पर बोला तीखा हमला
पीएम ने बिहार की जनता को चेताया
पंजे और लालटेन के शिकंजे” से रहें सावधान

प्रधानमंत्री मोदी ने लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल को याद दिलाते हुए कहा, “बिहार ने एक दौर में जंगलराज देखा है, जब लोग घर से निकलने से डरते थे। वही ताकतें फिर से मौका देख रही हैं।” उन्होंने कहा कि आज का बिहार उस दौर से काफी आगे निकल चुका है और इसे फिर से पीछे धकेलने की साजिशें चल रही हैं।

सीवान में प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि, “NDA सरकार के कार्यकाल में बिहार ने अभूतपूर्व प्रगति की है। हमसे पहले जो लोग थे उनसे पूछिए कि तब क्या हालात थे।” मुख्यमंत्री ने मंच से कहा कि पहले के शासन में लोगों का घर से निकलना तक मुश्किल था, जबकि अब बिहार में विकास, सुरक्षा और विश्वास का माहौल है।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान ₹10 हजार करोड़ के विकास प्रोजेक्टस का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। इनमें रेल, जल और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं। पीएम ने राज्य की जनता को आश्वस्त करते हुए कहा, “बिहार के लिए उनका सपना अधूरा है। वे और भी बहुत कुछ करना चाहते हैं। प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि “पहले बिहार की आधे से अधिक आबादी गरीबी में जी रही थी। कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने गरीबी हटाने के नाम पर सिर्फ नारे दिए, जबकि खुद के परिवारों को करोड़ों में पहुंचाया। NDA सरकार के बीते दशक में बिहार के लगभग 3.75 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं।”

उन्होंने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि दशकों तक लूट-खसोट, जातिवाद और परिवारवाद ने बिहार की जनता का हक छीना। “गरीबी को इन्होंने बिहार का दुर्भाग्य बना दिया था, लेकिन अब बिहार नई उम्मीद और नए विकास की दिशा में चल रहा है।”

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य ने कानून-व्यवस्था, सड़कों, शिक्षा और बिजली जैसी बुनियादी ज़रूरतों में सुधार देखा है। उन्होंने राज्यवासियों को भरोसा दिलाते हुए कहा, “जो अब तक किया है, वह तो बस शुरुआत है… मोदी और NDA बिहार के उज्जवल भविष्य के लिए पूरी ताकत से लगे हैं।”

यह प्रधानमंत्री मोदी का वर्ष 2025 में पांचवां बिहार दौरा है और इसे आगामी चुनावों के दृष्टिकोण से काफी अहम माना जा रहा है, खासकर तब जब सीवान को राजद का गढ़ माना जाता है। पीएम का यह दौरा ना सिर्फ विकास की योजनाओं की सौगात है, बल्कि एक राजनीतिक संदेश भी कि बिहार में फिर से “जंगलराज” की वापसी नहीं होनी चाहिए।

 

 

 

 

 

Exit mobile version